पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी अंपायर अनुपमा का कोरोना से निधन
Last Updated 18 Apr 2021 07:13:38 PM IST
पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी अंपायर अनुपमा पंचिमांदा का कोरोना संबंधित जटिलताओं के कारण रविवार को बेंगलुरु में निधन हो गया। वह 40 वर्ष की थीं।
![]() पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी अंपायर अनुपमा का कोरोना से निधन |
राष्ट्रीय स्तर की पूर्व हॉकी खिलाड़ी अनुपमा विभिन्न अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में हिस्सा ले चुकी हैं जिनमें 2005 बीडीओ जूनियर विश्व कप (महिला), 2013 में नई दिल्ली में हुए हीरो हॉकी वर्ल्ड लीग (महिला) राउंड-2 और 2013 महिला एशिया कप शामिल हैं।
अनुपमा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए हॉकी इंडिया के अध्यक्ष ज्ञानेंद्रो निंगोमबाम ने कहा, "आज हमें अनुपमा के निधन का दुखद समाचार मिला। वह भारत की उन चुनिंदा महिलाओं में थीं जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में अंपायरिंग की है। हम उनके परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं।"
| Tweet![]() |