राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों के लिए इस बार खिलाड़ियों और कोचों की फ़ौज

Last Updated 19 Aug 2020 09:34:37 AM IST

राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों राजीव गांधी खेल रत्न, अर्जुन पुरस्कार, द्रोणाचार्य अवार्ड और आजीवन ध्यानचंद पुरस्कार के लिए इस बार चयन समिति ने भारी संख्या में खिलाड़ियों और कोचों की सिफारिश की है जबकि पुरस्कारों के इतिहास में इतनी बड़ी संख्या पहले कभी देखी नहीं गयी थी।


राजीव गांधी खेल रत्न के लिए रिकॉर्ड पांच खिलाड़ियों, अर्जुन पुरस्कार के लिए 29 खिलाड़ियों और द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए 13 कोचों के नामों की सिफारिश की गयी है।

खेल मंत्रालय की 12 सदस्यीय अवार्ड समिति ने खेल रत्न के लिए पांच नामों की सिफारिश की है। इन पर अंतिम फैसला केंद्रीय खेल मंत्री किरेन रिजिजू को लेना है। इस समिति के अध्यक्ष सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जस्टिस मुकुंदकम शर्मा थे।

कमेटी के सदस्यों में पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग, पूर्व हॉकी कप्तान सरदार सिंह, पैरालम्पिक रजत पदक विजेता दीपा मलिक, पूर्व टेबल-टेनिस खिलाड़ी मोनालिसा बरुआ मेहता और मुक्केबाज वेंकटेशन देवराजन शामिल थे।

ईशांत, साक्षी सहित 25 खिलाड़ियों के नामों की अर्जुन पुरस्कार के लिए सिफारिश

तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा, पिस्टल निशानेबाज मनु भाकेर और सौरभ चौधरी तथा रियो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता महिला पहलवान साक्षी मलिक सहित 25 खिलाड़ियों के नामों की सिफारिश इस साल अर्जुन अवॉर्ड के लिए की गई है। राष्ट्रीय पुरस्कार समिति की मंगलवार को यहां राष्ट्रीय राजधानी में एक बैठक हुई, जिसमें इस पुरस्कार के लिए खिलाड़ियों के नामों की सिफारिश की गई।

ईशांत का भारत के अक्टूबर 2016 से इस साल मई तक आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष पर रहने में अहम योगदान रहा है। वह जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी के साथ भारत की टेस्ट तेज गेंदबाजी के मुख्य सदस्य रहे हैं।

स्टार पुरुष युगल बैडमिंटन खिलाड़ी सात्विकसाईराज रेंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी, टेनिस खिलाड़ी दिविज शरण, तीरंदाज अतानु दास और टेबल टेनिस खिलाड़ी मधुरिका पाटकर के नाम की भी अर्जुन पुरस्कार के लिए सिफारिश की गई है।

समिति ने साथ ही राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार के लिए भारतीय सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा सहिता पांच खिलाड़ियों के नाम की सिफारिश की है।

रोहित के अलावा भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल, एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता विनेश फोगाट, टेबल टेनिस चैम्पियन मानिका बत्रा और 2016 रियो पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता हाई जम्पर मरियप्पन थांगावेलू के नाम की भी सिफारिश खेल रत्न के लिए की गई है।

वार्ता/आईएएनएस
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment