टोक्यो ओलंपिक की उलटी गिनती शुरू, पदकों का हुआ दीदार

Last Updated 25 Jul 2019 07:02:57 AM IST

एशियाई महाद्वीप में 12 साल बाद होने वाले टोक्यो ओलंपिक की उलटी गिनती शुरू हो गई है और इस खेल महाकुंभ के उद्घाटन समारोह से ठीक एक साल पहले बुधवार को यहां पहली बार इसके स्वर्ण, रजत और कांस्य पदकों को सार्वजनिक तौर पर प्रदर्शित किया गया।


टोक्यो ओलंपिक में यही (बाएं से) रजत, गोल्ड और कांस्य पदक दिए जाएंगे।

जापान की राजधानी में प्रशंसकों, प्रायोजकों और राजनीतिज्ञों ने विभिन्न समारोह में हिस्सा लिया। लोगों के हाथों में तख्तियां थी और घड़ी 365 दिन शेष दिखा रही थी। टोक्यो ओलंपिक का उदघाटन समारोह 24 जुलाई 2020 को होगा।
ओलंपिक 1976 में तलवारबाजी के स्वर्ण पदक विजेता और अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) के अध्यक्ष थामस बाक ने स्कूली बच्चों के साथ अपने कौशल का प्रदर्शन भी किया। जापान ने इन खेलों की मेजबानी पर लगभग 20 अरब डालर खर्च किए हैं हालांकि ओलंपिक आयोजन पर होने वाले खचरे का सटीक अनुमान लगाना मुश्किल है। खेलों के लिए आठ नए स्टेडियम तैयार किए जा रहे हैं जिनमें से पांच पर काम समाप्त हो गया है। नेशनल स्टेडियम एक अरब 25 करोड़ डालर की लागत से तैयार किया गया है जिसे इस साल के आखिर तक खोल दिया जाएगा।
तोक्यो में आईओसी समन्वयक दल के प्रमुख जॉन कोटेस ने कहा, ‘उत्साह लगातार बढ रहा है। आप टिकटों की बिक्री में अभूतपूर्व दिलचस्पी से इसका अनुमान लगा सकते हैं।’ जापानी लोगों की टिकटों की मांग आपूर्ति से दस गुना या इससे अधिक है। विदेशों से भी टिकटों की भारी मांग है। जापान में हाल में अनधिकृत तरीके से टिकटों की फिर से बिक्री करने पर रोक लगाने के लिए कानून बनाया गया था और तमाम खामियों के बीच इस कानून की असली परख होगी।

टोक्यो की ओलंपिक तैयारियां आखिर चरण में प्रवेश कर गई है। कोटेस ने हालांकि तैयारियों की तारीफ की। उन्होंने कहा, ‘हमें बहुत खुशी है कि खेलों के लिए तैयारियां सही दिशा में आगे बढ़ रही हैं। आयोजक टोक्यो की गर्मियों से निबटने के लिए भी तैयारियां कर रहे हैं हालांकि इस बार यहां बारिश हुई। यातायात और भीड़ भी एक चिंता है। आयोजन समिति के अध्यक्ष योशिरो मोरी ने कहा, ‘इस साल टोक्यो का मौसम अच्छा रहा। यह पिछले साल की तुलना में बहुत भिन्न था।’ मोरी ने कहा कि जापान के शासक नौरहितो ने टोक्यो ओलंपिक और पैरालंपिक का मानद संरक्षक बनना स्वीकार कर लिया है। संभावना है कि ओलंपिक और पैरालंपिक के शुरू होने की घोषणा भी नौरहितो ही करेंगे।
टोक्यो के गवर्नर युरिको कोइके से कुछ दिन पहले ओलंपिक पर किए गए अरबों के खच्रे को सही ठहराने के लिए कहा गया था। आयोजकों पर लागत में कटौती करने के लिए दबाव था और उन्होंने कहा कि मौजूदा स्टेडियमों का उपयोग करके उन्होंने अरबों डालर बचाए हैं। टोक्यो में आठ नए स्टेडियम तैयार किए जा रहे हैं लेकिन वह 35 अस्थाई या पुराने स्टेडियमों का उपयोग कर रहा है।

 

एपी
टोक्यो


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment