शहीद मेजर की पत्नी ने यूं दी पति को अंतिम विदाई

Last Updated 19 Feb 2019 03:58:39 PM IST

जम्मू कश्मीर के पुलवामा में आतंकवादियों के साथ संघर्ष में शहीद हुये मेजर विभूति शंकर ढौंडियाल को देहरादून स्थित उनके आवास पर हजारों लोगों ने मंगलवार को अंतिम श्रद्धांजलि दी।


शहीद मेजर की पत्नी ने यूं दी पति को अंतिम विदाई

अंतिम संस्कार के लिए हरिद्वार ले जाने से पहले मेजर ढौंडियाल के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। इस दौरान हृदय रोगी उनकी मां सरोज, उनकी पत्नी निकिता कौल और उनके रिश्तेदारों और मित्रों के लिए खुद को संभालना मुश्किल हो गया। मेजर ढौंडियाल की शादी हुए एक साल भी नहीं हुआ है।

ताबूत के पास खड़ी होकर पत्नी निकिता अपने शहीद पति को देखती रहीं। उन्होंने ताबूत को चूमते हुए आई लव यू कहा और उन्हें सलाम भी किया। पति की शहादत पर उन्होंने आंसू नहीं बहाए बल्कि गर्व के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने ‘शहीद ढौंडियाल अमर रहे’ और ‘वंदे मातरम’ के नारों के बीच ताबूत पर पुष्पचक्र चढ़ाया।          

तिरंगे में लिपटा हुआ ढौंडियाल का पार्थिव शरीर सोमवार को देर रात घर लाया गया था। आज पूर्ण सैन्य सम्मान के साथ हरिद्वार में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।    

मेजर ढौंडियाल को अंतिम श्रद्धांजलि देने वाले प्रमुख लोगों में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, पूर्व सांसद तरूण विजय, राज्य विधानसभा के अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, भाजपा के विधायक गणेश जोशी और देहरादून के महापौर सुनील उनियाल गामा शामिल थे।

भाषा
देहरादून


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment