उत्तर प्रदेश में नाबालिग लड़की से सामूहिक दुष्कर्म, दो आरोपी गिरफ्तार

Last Updated 12 Oct 2025 11:50:36 AM IST

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बंथरा क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने रविवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।


बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती ने इस घटना को लेकर राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि शनिवार की शाम बंथरा क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा एक किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म किए जाने की सूचना मिली थी। इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और यौन अपराध से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया था।

उन्होंने बताया कि रविवार को हरौनी रेलवे स्टेशन जाने वाले रास्ते पर जांच के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोका तो उन्होंने रुकने के बजाय पुलिस पर गोलियां चलाईं। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक अभियुक्त गोली लगने से घायल हो गया। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी पहचान बंथरा थाना क्षेत्र के हरौनी निवासी ललित कश्यप के रूप में हुई है। उसका साथी भागने में कामयाब रहा।

सूत्रों ने बताया कि मामले में एक अन्य आरोपी मेराज (20) को पुलिस की एक अन्य टीम ने हरौनी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म से गिरफ्तार किया है।

बसपा प्रमुख और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने इस घटना को लेकर उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

उन्होंने रविवार को ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘राजधानी लखनऊ के बंथरा क्षेत्र में किशोरी से सामूहिक बलात्कार की घटना अति-दुखद व शर्मनाक है। उत्तर प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों में महिला उत्पीड़न के साथ-साथ दुष्कर्म व हत्या आदि की घटनायें रुकने का नाम नहीं ले रही हैं।’’

मायावती ने कहा, ‘‘सरकार को इसकी रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने की सख्त जरूरत है। महिला सम्मान तो दूर महिलाओं की सुरक्षा पहले व अत्यन्त जरूरी है।’’

भाषा
लखनऊ


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment