उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और दोनों उप मुख्यमंत्री समेत कई नेताओं ने शनिवार को विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंघल की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
 |
योगी आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘धर्म, राष्ट्र और संस्कृति के सेवक, श्री राम जन्मभूमि आंदोलन के महानायक, श्रद्धेय अशोक सिंघल जी की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि!’’
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘आपका जीवन सनातन संस्कृति के संरक्षण और राष्ट्ररक्षा के संकल्प का अनुपम प्रतीक है। हम सभी आपके तप, त्याग और तेजस्विता को नमन करते हैं।’’
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘परम पूज्य श्रद्धेय अशोक सिंघल जी ने अपना संपूर्ण जीवन भारत माता की सेवा और भारतीय संस्कृति के पुनर्जागरण के लिए समर्पित कर दिया। उनके नेतृत्व ने समाज को एक नई चेतना दी, करोड़ों लोगों में आत्मविश्वास जगाया और राष्ट्र को अपनी जड़ों से जुड़ने की प्रेरणा दी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘श्रद्धेय अशोक सिंघल जी ने श्री राम जन्मभूमि मंदिर आंदोलन को केवल एक संघर्ष नहीं, बल्कि राष्ट्र की अस्मिता का महायज्ञ बना दिया। उनकी वाणी में एक अटूट संकल्प था, कर्म में त्याग और दृष्टि में राष्ट्रहित सर्वोपरि था।’’
मौर्य ने कहा, ‘‘भारत में सांस्कृतिक जागरण के प्रतीक परम पूज्य श्रद्धेय अशोक सिंघल जी की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन!’’
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘‘धर्म और समाज के लिए आजीवन समर्पित रहने वाले, प्रखर राष्ट्रवादी और श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के नायक श्रद्धेय अशोक सिंघल जी की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन।’’
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा, ‘‘श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के पुरोधा, एक निर्भीक योद्धा, हिंदू हृदय सम्राट एवं विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष परम श्रद्धेय अशोक सिंघल जी की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन।’’
उन्होंने कहा, ‘‘राष्ट्रहित में आपके द्वारा दिया गया अद्भुत एवं अतुलनीय योगदान अनंतकाल तक अविस्मरणीय तथा हम सभी के लिए सदैव प्रेरणादायी रहेगा।’’
लंबे समय तक विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष रहे अशोक सिंघल का जन्म 27 सितंबर 1926 को उत्तर प्रदेश के आगरा में हुआ था और 17 नवंबर 2015 को हरियाणा के गुरुग्राम में उनका निधन हो गया।
राम मंदिर आंदोलन के शीर्ष नेताओं में सिंघल का नाम शामिल था।
| | |
 |