कुत्तों का आतंक खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा है। आए दिन कुत्तों के हमले की खबरें सामने आती रहती हैं।
अभी ताजा मामला यूपी के मेरठ जिले से सामने आया है, जहां पिटबुल नस्ल के कुत्ते ने 14 साल के बच्चे पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि पिटबुल के हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना मेरठ के फलावदा थाना क्षेत्र में स्थित नंगला हरेरू गांव की है। पीड़ित की पहचान अरमान के रूप में हुई है, जो घटना के समय दुकान से सामान लेकर घर जा रहा था। कुत्ते के हमले के दौरान लड़का से जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद कुत्ते ने उसे नोच कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
स्थानीय लोगों ने घायल किशोर को मवाना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में ले जाया गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस में शिकायत कर आवारा कुत्तों पर लगाम लगाने की मांग की है। मेरठ नगर आयुक्त डॉ. अमित पाल शर्मा ने कहा कि प्रतिबंधित कुत्ते पालने वालों को नगर निगम द्वारा नोटिस भेजा जाएगा। पालतू कुत्तों का नगर निगम में रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है। और उनको लगातार एंटी रेबीज वैक्सीन लगवाना भी अनिवार्य है।