आगाज योगीराज 2.0

Last Updated 26 Mar 2022 01:13:44 AM IST

भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 52 मंत्रियों के साथ पद व गोपनीयता की शपथ ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा के शीर्ष नेताओं की मौजूदगी में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने योगी के साथ केशव प्रसाद मौर्य व बृजेश पाठक को उपमुख्यमंत्री पद की शपथ दिलायी।


आगाज योगीराज 2.0

इसके साथ ही 16 कैबिनेट मंत्रियों, 14 राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रचार और 20 राज्यमंत्रियों को शपथ दिलायी गयी। करीब 60 मिनट से ज्यादा चले शपथ ग्रहण समारोह में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार को दो-दो व राज्यमत्री को चार-चार के समूह में शपथ दिलायी गयी।

यहां गोमतीनगर विस्तार के इकाना स्टेडियम में करीब एक लाख से ज्यादा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में कई मंत्रियों ने शपथ लेने के बाद भारत माता की जय के नारे भी लगाये। पूरा स्टेडियम भगवामय था और चारों ओर मोदी-योगी, जयश्री राम के नारे लग रहे थे।  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपनी कैबिनेट के सदस्यों के साथ शपथ ग्रहण समारोह के साक्षी बने। पार्टी के मौजूदा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, यूपी भाजपा के प्रभारी राधा मोहन सिंह, विधानसभा चुनाव में प्रभारी धमेन्द्र प्रधान, सह प्रभारी अनुराग ठाकुर, शोभा करंदजाले, जनरल बीके सिंह सहित बिहार के सीएम नीतीश कुमार, मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान, हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर के साथ ही कर्नाटक, असम, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, गोवा, मणिपुर, मेघालय सहित अन्य राज्यों के सीएम मौजूद थे।

दोबारा सत्ता में धमाकेदार वापसी करने वाली भाजपा के योगी आदित्यनाथ ऐसे मुख्यमंत्री बन गये हैं जो लगातार पांच वर्ष तक सरकार देने के बाद अगली पारी का आगाज कर रहे हैं। शपथ ग्रहण समारोह के जरिये भाजपा ने 2024 के लोकसभा के आम चुनाव से पहले बड़ा संदेश दिया। हालांकि नई सरकार में दो दर्जन से अधिक पुराने चेहरे इस बार नहीं हैं। चुनावी हार के बावजूद केशव प्रसाद मौर्य को उप मुख्यमंत्री बनाए रखा गया है, जबकि दिनेश शर्मा की जगह युवा ब्राह्मण चेहरे बृजेश पाठक को उप मुख्यमंत्री बनाया गया है। योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल में पांच महिलाओं को जगह मिली है।

एसएनबी
लखनऊ


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment