वे समस्याओं की राजनीति करते हैं, हम समाधान की : मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कृषि कानूनों को वापस लेने की केन्द्र की घोषणा के कुछ ही घंटों बाद विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘किसानों को हमेशा समस्याओं में उलझाए रखना ही कुछ राजनीतिक दलों का आधार रहा है, ये समस्याओं की राजनीति करते हैं और हम समाधान की राष्ट्रनीति करते हैं।’
![]() प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ |
महोबा में शुक्रवार को 3,240 करोड़ रुपए की लागत से बनी अजरुन सहायक परियोजना, रतौली बांध परियोजना, भावनी बांध परियोजना और मझगांव-चिल्ली स्प्रिंकलर सिंचाई परियोजनाओं का लोकार्पण करने के बाद प्रधानमंत्री ने वीर आल्हा-उदल की धरती को प्रणाम किया। उन्होंने कहा, ‘पीढ़ियों से जिस पानी का इंतजार था, वह इंतजार भी आज खत्म होने जा रहा है। इन सिंचाई परियोजनाओं से लाखों परिवारों को लाभ होगा। चार लाख से अधिक लोगों को शुद्ध पेयजल मिलेगा।’
पूर्ववर्ती सरकारों पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, ‘इस कटु सत्य को कोई नहीं भुला सकता कि वे प्रदेश को लूटते हुए कभी नहीं थकते थे और हम काम करते हुए कभी नहीं थकते। वो समस्या की राजनीति करते हैं और हम समस्या के समाधान के रास्ते निकालते हैं।’ उन्होंने कहा, ‘दशकों तक बुंदेलखंड के लोगों ने लूटने वाली सरकारें देखीं। पहली बार यहां के लोग विकास के लिए काम करने वाली सरकार देख रहे हैं।’
विपक्ष पर हमला जारी रखते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘परिवारवादियों की सरकारें किसानों को सिर्फ अभाव में रखना चाहती थीं। किसानों के नाम पर घोषणाएं तो करते थे लेकिन किसान तक एक पाई नहीं पहुंचती थी। लेकिन प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से हमने अब तक एक लाख 62 हजार करोड़ रुपए सीधे किसानों के खाते में भेजे हैं।’
| Tweet![]() |