बेटियों पर बुरी नजर डाली, तो दुर्गति तय : योगी

Last Updated 18 Oct 2020 01:32:58 AM IST

उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि किसी ने भी बेटियों पर बुरी नजर डाली तो उसकी दुर्गति तय है।


उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (file photo)

उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलम्बन के उद्देश्य से शनिवार को जनपद बलरामपुर से मिशन शक्ति का शुभारंभ किया तथा 49.864 करोड़ की 16 परियोजनाओं का लोकार्पण व 552.719 करोड़ लागत की 52 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नारी सुरक्षा, नारी सम्मान तथा नारी स्वावलंबन अभियान प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति अभियान तीन चरणों में चलाया जाएगा। पहले चरण में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, दूसरे चरण में मिशन शक्ति आपरेशन चलाया जाएगा तथा तीसरे चरण में आपरेशन दुराचारी के अंतर्गत पूरे समाज का सहयोग लेकर दुराचारियों के विरुद्ध कानून सम्मत ढंग से दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन के विपरीत आचरण कार्य करने वाले लोगों की फोटो चौराहों पर लगाकर उनका सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बेटियों पर बुरी नजर डाली तो दुर्गति तय है।

मुख्यमंत्री ने मिशन शक्ति अभियान के संबंध में बताया कि प्रदेश के 1535 थानों तथा 350 तहसीलों में एक महिला हेल्प डेस्क बनायी जाएगी। इसमें महिलाओं से संबंधित समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था होगी तथा उनकी समस्या के निदान व सुरक्षा के संबंध में अलग से महिला कांस्टेबल व कक्ष की व्यवस्था होगी। उन्होंने कहा कि इस अभियान के अंतर्गत महिला अपराध से संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाएगी तथा तय समय सीमा के भीतर फाइनल रिपोर्ट लगाई जाएगी। उन्होंने प्रदेश के 24 करोड़ लोगों को आस्त किया कि उनकी सुरक्षा में  सेंध लगाने वालों का स्थान इस प्रदेश में नहीं है तथा उनके विरुद्ध सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने विगत दिनों बलरामपुर में हुई घटना का उल्लेख करते हुए बलरामपुर की बेटी को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि प्रदेश में कोई भी दुराचारी बचने न पाए इसके लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य  कर रही है। उन्होंने कहा कि जनपद की बेटी के सम्मान में ही मिशन शक्ति का कार्यक्रम बलरामपुर की धरती पर रखा गया।

सहारा न्यूज ब्यूरो/अजय कुमार श्रीवास्तव/शुकदेव
बलरामपुर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment