यूपी: BJP विधायक जन्मेजय सिंह का निधन, मुख्यमंत्री ने जताया शोक

Last Updated 21 Aug 2020 09:21:57 AM IST

उत्तर प्रदेश में देवरिया सदर सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक जन्मेजय सिंह का लखनऊ के एक अस्पताल गुरुवार की देर रात हृदयाघात से निधन हो गया। वह 75 वर्ष के थे।


भाजपा विधायक जन्मेजय सिंह (फाइल फोटो)

आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि सिंह को गुरुवार देर रात सीने में दर्द की शिकायत पर सिविल अस्पताल ले जाया गया था जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।

दिवगंत विधायक की कोरोना जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई थी। वह देवरिया जिला मुख्यालय से 18 किमी दूर गौरीबाजार कस्बा के देवगांव के निवासी थे। उनका शव देवरिया लाया जा रहा है जहां उनकी अंत्येष्टि की जायेगी। उनके उनके तीन बेटे और चार बेटियां हैं।

सात जुलाई 1945 को जन्मे सिंह ने पिछले महीने ही अपना 75वां जन्मदिन मनाया था। वह विधानसभा के मौजूदा सत्र में भाग लेने लखनऊ आये थे।

सिंह भाजपा के टिकट पर 2012 में 16वीं और 2017 में 17वीं विधानसभा के चुनाव में विजयी रहे हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा विधायक के अकस्मिक निधन पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने कहा कि "जन्मेजय सिंह एक समर्पित जनप्रतिनिधि थे। वह अपने क्षेत्र के विकास के लिए सदैव तैयार रहते थे। समाज के गरीब व कमजोरों के हितों के प्रति संवेदनशील थे। इनके निधन से पार्टी ने एक सच्चा कार्यकर्ता और जनता ने अपना एक हितैषी खो दिया है।"

मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा के लिए शान्ति की प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है।

उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित भी देवरिया से विधायक जन्मेजय सिंह के असामयिक निधन से दुखी हैं।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सिंह ने उत्तर प्रदेश की 16वीं और 17वीं विधान में भारतीय जनता पार्टी के सदस्य के रूप में देवरिया निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। वह अपने विधानसभा क्षेत्र की सम्मानित जनता के सुख-दुख के लिए सदैव तत्पर रहते थे, उनके निधन से देवरिया जनपद व प्रदेश की राजनीति के साथ ही हमारी व्यक्तिगत क्षति भी है।

दीक्षित ने ईश्वर से प्रार्थना की है कि वह दिवंगत आत्मा को चिर शांति व शोकाकुल परिवार को इस अपार वज्राघात को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विधायक के निधन पर दु:ख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि "देवरिया सदर से विधायक जन्मेजय सिंह के निधन की सूचना से मन अत्यंत व्यथित है। पार्टी में आप जैसे कर्मठ व निष्ठावान कार्यकर्ता की पूर्ति आने वाले कई सालों में नहीं हो सकती है। प्रभु श्रीराम दिवंगत आत्मा को शांति, परिजनों व समर्थकों को यह दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करें ।"

वार्ता/आईएएनएस
देवरिया/लखनऊ


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment