यूपी सरकार की मंत्री कमल रानी वरुण का निधन

Last Updated 02 Aug 2020 11:30:17 AM IST

योगी आदित्यनाथ सरकार में प्राविधिक शिक्षा मंत्री कमल रानी वरुण का रविवार को निधन हो गया। वह 62 साल की थीं।


यूपी सरकार की मंत्री कमल रानी वरुण (फाइल फोटो)

कानपुर में घाटमपुर की विधायक कमल रानी वरुण को कोरोना संक्रमण के कारण पिछली 18 जुलाई को लखनऊ के पीजीआई के एपेक्स ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया था। आज सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। उनकी मृत्यु का कारण कोरोना है अथवा किसी अन्य बीमारी की वजह से उनकी मृत्यु हुई है इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

कमल रानी वरुण 11वीं और 12वीं लोकसभा में कानपुर की सांसद रह चुकी हैं।

कैबिनेट मंत्री के निधन से व्यथित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज अपना अयोध्या दौरा निरस्त कर दिया है।

उन्होंने दिवंगत नेता को भावभीनी श्रद्धाजंलि अर्पित करते हुये ट्वीट किया, "उत्तर प्रदेश सरकार में मेरी सहयोगी, कैबिनेट मंत्री श्रीमती कमल रानी वरुण जी के असमय निधन की सूचना, व्यथित करने वाली है। प्रदेश ने आज एक समर्पित जननेत्री को खो दिया। उनके परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें। ओम शांति।"

सूत्रों ने बताया कि कमल रानी वरुण कानपुर के बर्रा क्षेत्र की निवासी थीं। उनका अंतिम संस्कार कानपुर में कोविड प्रोटोकाल के तहत किया जाएगा।

वार्ता
लखनऊ


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment