राष्ट्रपति, पीएम समेत अनेक नेताओं ने जताया शोक

Last Updated 02 Aug 2020 12:59:46 AM IST

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राज्यसभा सांसद अमर सिंह के निधन पर गहरा शोक जताया है। राष्ट्रपति ने ट्वीट करके कहा, ‘राज्यसभा सांसद अमर सिंह के निधन के बारे में सुनकर दु:ख हुआ।


राष्ट्रपति, पीएम समेत अनेक नेताओं ने जताया शोक

उन्होंने लिखा, ‘बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी श्री सिंह एक प्रतिभाशाली सांसद थे। उनके परिवार एवं सहयोगियों के प्रति मेरी शोक-संवेदनाएं।’

एक ऊर्जावान जन शख्सियत थे :  प्रधानमंत्री मोदी ने अमर सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उनके परिवार और मित्रों के प्रति हार्दिक संवेदना जताई है। मोदी ने शोक संदेश में कहा, ‘अमर सिंह जी एक ऊर्जावान जन शख्सियत थे। पिछले कुछ दशकों में वह निकट से कई बड़े राजनीतिक बदलाव के साक्षी रहे। वह जीवन में अपनी मित्रता के लिए जाने जाते थे। उनके निधन से सदमा लगा। दुख की इस घड़ी में उनके परिवार और मित्रों के प्रति हार्दिक संवेदना है।’ ओम शांति।

आत्मीयता सबको प्रभावित करती थी : लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अपने शोक संदेश में कहा, ‘राज्यसभा सांसद श्री अमर सिंह जी के निधन पर मैं शोक व्यक्त करता हूं। उनकी आत्मीयता सबको प्रभावित करती थी। वह राजनीति के साथ अनेक क्षेत्रों में सक्रिय रहे और हर जगह मित्र बनाए। उनकी जीवंतता हमेशा याद आएगी। परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं।’

सभी दलों में मित्रता थी : केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने अमर सिंह के निधन शोक व्यक्त किया है। सिंह ने अपने ट्वीट में कहा, ‘वरिष्ठ नेता एवं सांसद अमर सिंह के निधन के समाचार से दु:ख की अनुभूति हुई है। सार्वजनिक जीवन के दौरान उनकी सभी दलों में मित्रता थी।’ उन्होंने कहा, स्वभाव से विनोदी और हमेशा ऊर्जावान रहने वाले अमर सिंह जी को ईश्वर अपने श्रीचरणों में स्थान दे। उनके शोकाकुल परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं।

समाज के हर वर्ग से गहरे संबंध थे : केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डा. हषर्वर्धन ने अमर सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। डा. हषर्वर्धन ने ट्वीट किया, राज्यसभा सांसद अमर सिंह के निधन से मन व्यथित है। तीन दशक तक उन्होंने सार्वजनिक जीवन को जीवंतता के साथ जिया। समाज के हर वर्ग से उनके गहरे संबंध थे। ईश्वर दिवंगत की आत्मा को शांति एवं परिजनों को यह आघात सहने का संबल प्रदान करें। परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ऊँ शांति।

सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने शोक संदेश में कहा, अमर सिंह एक प्रख्यात राजनेता और समाजसेवी थे। उनके निधन से न केवल राजनीतिक बल्कि सामाजिक क्षेत्र में भी अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की चिर शांति तथा उनके परिजनों एवं प्रशंसकों को दुख की इस घड़ी धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।

एक अनुभवी राजनेता थे : उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया और गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा, अमर सिंह एक वरिष्ठ,अनुभवी राजनेता थे। ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना और शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना।

अखिलेश ने शोक जताया : समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अमर सिंह के निधन पर गहरा शोक जताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना भी व्यक्त की है। अखिलेश ने अमर सिंह के निधन को अत्यंत दु:खद बताते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।
उनका जाना मेरी निजी क्षति है : उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री व जसवंतनगर के विधायक शिवपाल सिंह यादव ने ट्वीट कर अमर सिंह के निधन को अपनी निजी क्षति बताया। उन्होंने कहा, ‘प्रिय मित्र श्री अमर सिंह जी के निधन की दु:खद खबर से नि:शब्द हूं, स्तब्ध हूं और बेहद मर्माहत हूं। उनका जाना मेरी व्यक्तिगत क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।’

एजेंसियां
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment