सील रहेगी नोएडा-दिल्ली की सीमा : डीएम

Last Updated 20 May 2020 12:41:28 AM IST

लॉकडाउन-4 की घोषणा के एक दिन बाद दिल्ली-नोएडा बार्डर पर भारी जाम लगा।


नोएडा। कालिंदीकुंज और डीएनडी पर वाहनों की चेकिंग करते पुलिसकर्मी। फोटो : एसएनबी

दरअसल सोमवार देर शाम उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रतिबंधों में ढील देते हुए दिल्ली नोएडा सीमा को खोलने का आदेश दिया था। लेकिन मंगलवार सुबह गौतमबुद्धनगर के जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने आदेश जारी कर कहा कि दिल्ली नोएडा सीमा सील रहेगी। उन्होंने कहा कि अभी के लिए दिल्ली-नोएडा सीमा के बीच यथास्थिति को बनाए रखा जाएगा। दोनों आदेशों में भ्रम की वजह से मंगलवार सुबह से ही दिल्ली नोएडा की सभी सीमाओं पर भयंकर जाम लगा। पुलिस ने पास धारक वाहन चालकों को ही नोएडा में प्रवेश की अनुमति दी।

दरअसल लॉकडाउन-4 के पहले दिन सोमवार को प्रदेश सरकार ने गाइडलाइन जारी करते हुए कहा था कि नोएडा/गाजियाबाद के एनसीआर क्षेत्र में दिल्ली से आने वाले हॉटस्पॉट एरिया के अंदर के व्यक्तियों को छोड़कर शेष पर प्रतिबंध नहीं रहेगा जिसके विस्तृत आदेश सम्बंधित जिला प्रशासन जारी करेगा। इस आदेश के बाद मंगलवार सुबह जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने आदेश जारी कर कहा दिल्ली नोएडा सीमा को सील करने का आदेश लागू रहेगा। उन्होंने कहा कि हमने गृह विभाग के जीओ के प्वाइंट 3 (1) और 7 (12) के कार्यान्वयन के सम्बंध में राज्य सरकार से निर्देश मांगे हैं। जिले ने अप्रैल में दिल्ली के साथ अपनी सीमा को सील कर दिया था क्योंकि गौतमबुद्धनगर में कोरोना वायरस के कई मामले दिल्ली के साथ संबंध के कारण पाए गए थे। जिला प्रशासन उन लोगों को ही जिले में प्रवेश करने की अनुमति दे रहा है जिनके पास प्रशासन द्वारा जारी किए गए पास हैं या वे आवश्यक सेवाओं से जुड़े हुए हैं।

दिल्ली-नोएडा बार्डर के सभी एंट्री प्वाइंट्स पर लगा जाम :  प्रदेश सरकार के सीमा खोलने के आदेश की वजह से मंगलवार सुबह से बड़ी संख्या में लोग दिल्ली से नोएडा जाने के लिए निकल पड़े जिन्हें डीएनडी, चिल्ला बार्डर व कालिंदी कुंज बार्डर पर रोक दिया गया। सिर्फ पास वालों को प्रवेश की इजाजत दी गई बाकी लोगों को वापस दिल्ली भेजा जाने लगा। इस वजह से सभी एंट्री प्वाइंट्स पर भीषण जाम लग गया। लोगों ने बार्डर पर जमकर हंगामा भी किया।

पुलिस ने लोगों को समझाया कि अभी पुराने आदेश ही लागू है। पुलिस ने कहा स्पष्ट निर्देश मिलने के बाद ही दिल्ली से आने वालों को प्रवेश दिया जाएगा। अभी सिर्फ  पास वाले लोगों को ही अनुमति दी जा रही है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भी ट्वीट कर नोएडा जाने वाले यात्रियों को चेतावनी दी कि यदि उनके पास संबंधित अधिकारियों द्वारा जारी किए गए आवाजाही पास हों तभी वे यात्रा करें। उन्होंने ट्वीट किया, ’उत्तर प्रदेश पुलिस केवल नोएडा के डीएम द्वारा जारी आवाजाही पास के साथ ही प्रवेश की अनुमति दे रही है। इस बात को ध्यान में रखते हुए कालिंदी कुंज बैराज फ्लाईओवर और डीएनडी फ्लाईओवर से होकर दिल्ली से नोएडा जाने वाले लोग अपनी यात्रा की योजना बना सकते हैं।’

उत्तर प्रदेश पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इतनाभर कहा कि मंगलवार सुबह को दिल्ली-नोएडा सीमा पर लोगों की भीड़ जमा हो गई थी।

सहारा न्यूज ब्यूरो
नोएडा


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment