बुलंदशहर: हिंसा में हुए नुकसान की लोगों ने की भरपाई, जिला प्रशासन को सौंपा 6 लाख का चेक

Last Updated 28 Dec 2019 12:01:37 PM IST

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के विरोध प्रदर्शन के दौरान भड़की हिंसा में सरकारी संपत्ति को हुये नुकसान के एवज में जिला प्रशासन को छह लाख 27 हजार रूपये का चेक सौंप कर अनूठी मिसाल पेश की।


(फाइल फोटो)

मुस्लिम बुद्धिजीवियों के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की और उन्हें छह लाख 27 हजार 500 रूपये का चेक सौंपा। इस मौके पर उन्होंने जिला और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों और पुलिस जवानों को गुलाब का फूल भेंट कर कानून व्यवस्था की जल्द बहाली के लिये बधाई दी।

गौरतलब है कि पिछली 20 दिसम्बर को जुम्मे की नमाज के बाद हुई हिंसा में सरकारी संपत्ति के नुकसान का आकलन जिला प्रशासन ने किया था जिसमें छह लाख 27 हजार 500 रुपये की क्षति दर्शायी गयी थी। हिंसा में पुलिस की एक जीप समेत जलकर स्वाहा हो गया था।

जिला और पुलिस प्रशासन ने इसे मुस्लिम समुदाय की अच्छी पहल बताते हुये स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि जिले में अमन चैन बना हुआ है।

वार्ता
बुलंदशहर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment