उन्नाव बलात्कार पीड़िता की हालत गंभीर, वेंटिलेटर पर रखा गया

Last Updated 06 Dec 2019 11:09:02 AM IST

उन्नाव में बलात्कार के बाद आग के हवाले की गई पीड़िता की हालत बहुत नाजुक है और उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है।


पीड़िता का इलाज कर रहे चिकित्सकों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।      

पीड़िता को बृहस्पतिवार शाम लखनऊ से एयर एम्बुलेंस के माध्यम से दिल्ली लाकर सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था।     

अस्पताल में ‘बर्न एंड प्लास्टिक सर्जरी’ विभाग के प्रमुख डॉ. शलभ कुमार ने कहा, ‘‘मरीज की हालत बहुत गंभीर है और उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है।’’ उन्होंने बताया कि पीड़िता के महत्वपूर्ण अंग ठीक से काम नहीं कर रहे हैं।      

दिल्ली यातायात पुलिस ने बृहस्पतिवार को पीड़िता को बिना वक्त गंवाए एंबुलेंस से अस्पताल तक पहुंचाने के लिए हवाई अड्डे से अस्पताल तक ‘‘ग्रीन कॉरीडोर’’ बनाया था।

सफदरजंग अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुनील गुप्ता ने कहा, ‘‘ हमने मरीज के लिए अलग आईसीयू कक्ष बनाया है। चिकित्सकों का एक दल उसकी हालत पर लगातार नजर रख रहा है।’’      

पुलिस ने बताया कि बलात्कार पीड़िता जब अदालत जा रही थी, तभी बलात्कार के दो आरोपियों समेत पांच लोगों ने उसे कथित रूप से आग के हवाले कर दिया था। इस दौरान पीड़िता 90 प्रतिशत तक झुलस गई।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि पीड़िता को राज्य सरकार के खर्च पर बेहतर इलाज मुहैया कराया जाएगा।

गौरतलब है कि उन्नाव में आज तड़के कुछ लोगों ने रायबरेली अपने वकील से मिलने जा रही दुष्कर्म पीड़िता को जिंदा जलाकर मारने का प्रयास किया, जिससे वह करीब 90 प्रतिशल झुलस गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को सरकारी खर्च पर पीड़िता को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को कहा है।

 

भाषा
नयी दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment