यूपी उपचुनाव: मायावती बोलीं - बसपा के लोगों का मनोबल गिराने के लिए बीजेपी ने रची साजिश

Last Updated 25 Oct 2019 03:53:08 PM IST

बसपा सुप्रीमो मायावती ने उत्तर प्रदेश के विधानसभा उपचुनाव में पार्टी की पराजय पर कहा है कि भाजपा ने बसपा के लोगों का मनोबल गिराने के लिए साजिश की है।


मायावती ने शुक्रवार को ट्वीट कर आरोप लगाया, ‘‘उप्र विधानसभा आमचुनाव से पहले बसपा के लोगों का मनोबल गिराने के षडयंत्र के तहत भाजपा ने इस उपचुनाव में पूरी कोशिश की कि सपा को कुछ सीटें मिलें और बसपा को एक भी सीट नहीं मिले। पार्टी के लोग इसे अच्छी तरह समझ रहे हैं।’’  उन्होंने कहा, ‘‘बसपा कार्यकर्ता इस षडयंत्र को नाकाम करने के लिए जी-जान से जुटेंगे।’’    
हरियाणा विधानसभा चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन पर मायावती ने एक अन्य टवीट में कहा, ‘‘हरियाणा की जनता भी भाजपा सरकार के कुशासन से दु:खी थी और इनसे मुक्ति चाहती थी लेकिन कांग्रेस ने अपने स्वार्थ के लिए जनता में वोटों के बंटने के भय को खूब प्रचारित किया। ‘‘उन्होंने कहा, ‘‘इससे बसपा वोटर तो नहीं डिगे परन्तु अन्य वोटर जरूर भ्रमित हो गए।‘‘    
मायावती ने कहा कि इसीलिए बसपा हरियाणा विधानसभा चुनाव में सीट जीतने में भले ही सफल नहीं हो सकी, लेकिन पार्टी को पिछली बार से ज्यादा वोट मिले हैं।    

उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश की 11 विधानसभा सीटों के लिए हुए उपचुनाव में बसपा के खाते में एक भी सीट नहीं आयी है। भाजपा और उसकी सहयोगी अपना दल :सोनेलाल: ने आठ और सपा ने तीन सीटें जीती हैं।

भाषा
लखनऊ


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment