यूपी में अपराधियों का जीना हराम कर देंगे

Last Updated 01 Jul 2019 01:05:26 AM IST

उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को मुरादाबाद में कानून- व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक में कहा कि प्रदेश में अपराधियों का जीना हराम कर देंगे।


उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (फाइल फोटो)

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर पुलिस स्टेशन को अपने क्षेत्र के 10 शीर्ष अपराधियों की सूची तैयार करनी चाहिए। उन पर मुकदमा चलाने और समय सीमा के भीतर सजा दिलवाने की दिशा में भी सक्रियता से काम करना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने मुरादाबाद मंडल के मुरादाबाद, रामपुर, बिजनौर, संभल और अमरोहा में विकास और कानून -व्यवस्था को लेकर कहा कि जनता पुलिस पर भरोसा करना तब शुरू करती है, जब एक अपराधी पर मुकदमा चलाया जाता है। इसलिए पुलिस को न केवल अपराधियों पर मुकदमा चलाना चाहिए, बल्कि उनकी सजा को भी सार्वजनिक करना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को अपराधियों की निगरानी और स्क्रीनिंग में सुधार की तकनीक को उच्चीकृत करने का निर्देश दिया।

योगी ने कहा कि प्रदेश में अपराध दर को न्यूनतम स्तर पर लाने की जरूरत है। इसके लिए फुट पेट्रोलिंग बढ़ानी चाहिए। हालांकि, हमने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपराध दर में सुधार किया, लेकिन इसे और बेहतर करने की जरूरत है। वरिष्ठ अधिकारियों को हर रोज कम से कम एक घंटा जनता दरबार आयोजित करना चाहिए और आम लोगों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए। जनता की समस्याओं को हल कर हम महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराध जैसे छेड़छाड़, दहेज हत्या, घरेलू हिंसा और अन्य घटनाओं को कम कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक जुलाई से प्रदेश में स्कूल और कालेज गर्मी की छुट्टी के बाद खुल जाएंगे, जिसके लिए एंटी रोमियो स्क्वॉड को सक्रिय किया जाए। उन्होंने कहा कि आवारा पशुओं और गायों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। हमारा समाज गाय को लेकर बहुत संवेदनशील है और गाय को कोई भी नुकसान सामाजिक सद्भाव पर लम्बे समय तक प्रभाव डालेगा।

सहारा न्यूज ब्यूरो
लखनऊ/मुरादाबाद


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment