BJP सरकार ने खत्म किया गुंडाराज, यूपी में अपराधियों को सताने लगा है डर: योगी

Last Updated 03 May 2019 03:53:15 PM IST

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा पर निशाना साधते हुये कहा कि भाजपा सरकार ने राज्य से सपा शासन से चल रहे गुंडाराज को खत्मकर अमन चैन कायम किया।


उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (फाइल फोटो)

योगी शुक्रवार को रायबरेली के जीआईसी मैदान पर भाजपा प्रत्याशी दिनेश प्रताप सिंह के पक्ष में एक चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा पहले प्रदेश में गुंडाराज था। भाजपा ने सत्ता में आने पर सबसे पहले गुंडाराज खत्म किया और राज्य में अमन चैन कायम किया।

उन्होंने जनता से पूछा, ‘‘आपको कांग्रेस का भ्रष्टाचार युक्त भारत चाहिए या मोदी जैसे साफ सुथरे नेता का भ्रष्टाचार मुक्त भारत चाहिए? भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश में चल रहे गुंडा राज को समाप्त कर दिया। समाजवादी पार्टी के भू माफिया से लोगों की जमीनों को मुक्त कराया। भाजपा सरकार से डर कर गुंडे मवाली और अपराधियों को भय सताने लगा। जिससे अपराधी या तो प्रदेश छोड़कर भाग गए या जेलों में जा बैठे।’’

योगी ने कहा, ‘‘मोदी सरकार ने लोगों के खाते खुलवाए, मुद्रा योजना और तरह-तरह की लोक कल्याण की योजनाएं लागू की हैं। किसानों के खाते में सीधे पैसा भेजा। शौचालय निर्माण किया और प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत लोगों को आवास दिए।’’

उन्होंने प्रियंका गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि इनके पति, भाई और मां सभी जमानत पर हैं। यह पहले अपने घर को देखें।

उन्होंने कहा कि अब वह भी भगवान की भक्ति करने लगी हैं और राम के सेवक हनुमान जी के दर्शन करने अयोध्या गयी थीं।

उन्होंने कहा कि आपको यह तय करना है कि भ्रष्टाचार मुक्त मोदी सरकार चाहिए या भ्रष्टाचार युक्त कांग्रेस सरकार चाहिए।

उन्होंने दिनेश प्रताप सिंह को चुनाव में विजयी बनाने की अपील करते हुए कहा कि इनको आप का दिया गया वोट सीधे मोदी के खाते में जायेगा।

योगी आदित्यनाथ आज सीधे हेलीकॉप्टर से जीआईसी ग्राउंड पर उतरे और करीब तीस मिनट का भाषण दिया।

वार्ता
रायबरेली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment