राहुल गांधी ने अमेठी से भरा पर्चा, सोनिया-प्रियंका रहीं मौजूद

Last Updated 10 Apr 2019 09:43:24 AM IST

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपनी मां और यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी, बहन और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और बहनोई रॉबर्ट वाड्रा की मौजूदगी में अमेठी के जिला कलेक्ट्रेट में नामांकन भरा।




कांग्रेस अध्यक्ष ने अमेठी से पर्चा भरने से पहले बहन प्रियंका गांधी के साथ तीन किलोमीटर लंबा रोड शो किया। रोड शो में रॉबर्ट वाड्रा, भांजा रेहान और भांजी मिराया भी शामिल हुए।    

राहुल गांधी के नामांकन से पहले उनकी मां सोनिया गांधी सहित पूरा परिवार अमेठी में मौजूद था।     

रोड शो में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बनता था। मुंशीगंज से शुरू हुये रोड शो का कार्यकर्ताओं ने खुले दिल से जोरदार स्वागत किया।     

महिलाओं ने घर से छज्जों से फूलों की बारिश की और भारी गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता गांधी के साथ चलते हुए नामांकन स्थल तक पहुंचे थे।     

कांग्रेस के गढ़ में राहुल गांधी का मुकाबला भाजपा की केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से है। राहुल ने केरल के वायनाड से भी नामांकन भरा है।    

भाजपा प्रत्याशी स्मृति ईरानी कल (गुरुवार) अमेठी से अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। जबकि यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी कल अपना पर्चा रायबरेली से दाखिल करेंगी।  

गौरतलब है कि राहुल गांधी अमेठी से लगातार तीन बार सांसद चुने गए हैं। 2004 में उन्होंने पहली बार यहां से जीत हासिल की थी। फिर 2009 में और 2014 में भी वह इस सीट से विजयी रहे थे। पिछली बार उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की स्मृति ईरानी को चुनाव में हराया था।

भाषा
अमेठी


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment