राजस्थान: किसान बिल के विरोध में आंदोलन का तैयार किया रोडमैप, डोटासरा ने कहा- कांग्रेस एकजुट

Last Updated 25 Sep 2020 12:36:00 PM IST

राजस्थान में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने कहा है कि कृषि विधेयकों के विरोध में कांग्रेस एकजुट हैं और इसके लिए रोडमैप तैयार कर लिया गया हैं।


प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा (फाइल फोटो)

राजस्थान में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने कहा है कि केन्द्र सरकार की ओर से लोकसभा एवं राज्यसभा में पारित कृषि विधेयकों के विरोध में आगामी 10 अक्टूबर तक चलाये जाने वाले आंदोलन के लिए कांग्रेस एकजुट हैं और इसके लिए रोडमैप तैयार कर लिया गया हैं। 

डोटासरा ने बताया कि केन्द्र की मोदी सरकार के किसान बिलों के विरोध में प्रदेश में कांग्रेस पूरी तरह एकजुट हैं और इसके विरोध में आंदोलन का रोडमैप पूरी तरह कर लिया गया है जिसके तहत उनके नेतृत्व में 26 सितंबर से दस अक्टूबर तक विरोध प्रदर्शन, राज्य स्तरीय किसान सम्मेलन सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।

उन्होंने केन्द्र सरकार पर किसानों के हितों के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह किसानों के अरमानों के साथ खेलने पर तुली है जिसे कांग्रेस पार्टी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने बताया कि 26 सितंबर को प्रदेश में सोशल मीडिया के जरिए स्पिक अप फोर फार्मस मुहिम चलाई जायेगी। इसके जरिए प्रदेश के कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा को घेरेंगे। इसके बाद 28 सितंबर को राज्य मुख्यालय पर प्रदर्शन कर राज्यपाल कलराज मिश्र को ज्ञापन देकर किसान बिलों को लेकर विरोध जताया जायेगा।

उन्होंने बताया कि 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती को किसान मजदूर बचाओं दिवस के रुप में मनाया जायेगा। इस दौरान प्रदेश के सभी ब्लॉक मुख्यालय पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से प्रदर्शन किया जायेगा। इसके बाद 10 अक्टूबर को राज्य स्तरीय किसान सम्मेलन का आयोजन किया जायेगा। उन्होंने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने देश भर में दो करोड़ से अधिक किसान, मजदूर एवं तथा अन्य वर्गों से हस्ताक्षर कराने की मुहिम भी शुरु की जायेगी। यह मुहिम 2 अक्टूबर से शुरु होगी। 2 करोड़ से अधिक लोगों के हस्ताक्षर युक्त पत्र 14 नवम्बर को राष्टपति रामनाथ कोविंद को सौपा जायेगा।  

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद डोटासरा के नेतृत्व में कांग्रेस का यह पहला बड़ा आंदोलन होगा।

वार्ता
जयपुर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment