भारत में वांछित लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा आतंकवादी PoK में मारा गया
भारत में वांछित एक आतंकवादी की शुक्रवार को पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में एक मस्जिद के अंदर अज्ञात बंदूकधारियों ने गोली मारकर हत्या दी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
![]() Symbolic picture |
प्रतिबंधित लश्कर-ए-तैयबा (Lashkar-e-Taiba) से जुड़ा रियाज अहमद उर्फ अबू कासिम (Riyaz Ahmed alias Abu Qasim) एक जनवरी को डांगरी में हुए आतंकवादी हमले के मुख्य साजिशकर्ताओं में से एक था।
राजौरी जिले के डांगरी गांव (Dangri Village) में आतंकवादियों के हमले और अंधाधुंध गोलीबारी में सात लोगों की मौत हो गई थी और 13 अन्य घायल हो गए थे। आतंकवादी वहां IED भी लगा गये थे, जो अगली सुबह फटा था।
अधिकारियों ने कहा कि मूल रूप से जम्मू क्षेत्र का रहने वाला अहमद 1999 में सीमा पार चला गया था।
अधिकारियों के अनुसार उसे पुंछ और राजौरी के सीमावर्ती जिलों में आतंकवाद को दोबारा जिंदा करने वालों में से एक माना जाता था।
पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) की खबरों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि रावलकोट इलाके में अल-कुदुस मस्जिद के अंदर सुबह की नमाज के दौरान अज्ञात बंदूकधारियों ने अहमद की गोली मारकर हत्या कर दी।
अहमद ज्यादातर मुरीदके में लश्कर-ए-तैयबा बेस कैंप से काम करता था लेकिन हाल ही में रावलकोट में स्थानांतरित हो गया था।
अधिकारियों ने कहा कि वह लश्कर-ए-तैयबा के मुख्य कमांडर सज्जाद जाट का करीबी सहयोगी था और संगठन के वित्त की देखभाल भी करता था। वह पाकिस्तान से संचालित होने वाले विभिन्न आतंकी संगठनों का चौथा शीर्ष कमांडर था, जिसे इस साल मार गिराया गया।
| Tweet![]() |