मुंबई के फ्लैट में संदिग्ध अवस्था में मिला फ्लाइट अटेंडेंट का शव, एक पुलिस हिरासत में

Last Updated 04 Sep 2023 03:42:32 PM IST

मुंबई में एक एयरलाइन में प्रशिक्षु के रूप में कार्यरत 24 वर्षीय महिला फ्लैट में मृत पाई गई जिसका गला रेता गया था। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।


अधिकारी ने बताया कि मृतका की पहचान छत्तीसगढ़ की रहने वाली रूपल ओगरे के रूप में हुई है, जो एयर इंडिया में प्रशिक्षण के लिए अप्रैल में मुंबई आई थी।

उन्होंने बताया कि रूपल अंधेरी के मरोल इलाके में कृष्णलाल मारवाह मार्ग पर स्थित एनजी कॉम्पलेक्स के एक फ्लैट में रविवार देर रात मृत पाई गई।

अधिकारी ने बताया कि पोवाई पुलिस ने हत्या का एक मामला दर्ज कर इस संबंध में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है।

पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि महिला अपनी बहन और उसके पुरुष मित्र के साथ फ्लैट में रहती थी, लेकिन आठ दिन पहले उसकी बहन और उसका दोस्त, दोनों ही अपने-अपने घर चले गए थे। हालांकि, दोनों को पुलिस ने इस घटना की सूचना दे दी है।

पुलिस ने बताया कि जब महिला ने अपने परिवार के सदस्यों के फोन कॉल का जवाब नहीं दिया तो उन्होंने मुंबई में अपने स्थानीय दोस्तों से संपर्क किया और उन्हें महिला के फ्लैट पर जाने को कहा।

पुलिस के मुताबिक, जब परिवार के स्थानीय दोस्त वहां पहुंचे तो उन्होंने फ्लैट अंदर से बंद पाया और घंटी का जवाब भी किसी ने नहीं दिया।

अधिकारी ने बताया कि बाद में उन्होंने पोवाई पुलिस से संपर्क किया, जिनकी मदद से दूसरी चाबी का प्रयोग कर फ्लैट खोला गया।

उन्होंने बताया कि महिला का गला रेता हुआ था और वह जमीन पर पड़ी थी। उसे आनन-फानन में राजावाडी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उसे भर्ती करने से पहले ही मृत घोषित कर दिया गया।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
 

भाषा
मुंबई


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment