महाराष्ट्र में दो साल बाद आज धूमधाम से मनाया जाएगा दही हांडी उत्सव, सरकार ने दिया खेल का दर्जा

Last Updated 19 Aug 2022 12:51:40 PM IST

महाराष्ट्र में दो साल के बाद शुक्रवार को पूरी धूमधाम के साथ दही हांडी उत्सव मनाया जाएगा। कोविड-19 महामारी के कारण पिछले दो साल ऐसा नहीं हो पाया था।


दही हांडी जन्माष्टमी उत्सव का हिस्सा है। इस दौरान दही से भरी मटकी रस्सियों के सहारे बीच में लटकी होती है, जिसे मानव पिरामिड बनाकर तोड़ा जाता है।

यह त्यौहार मुंबई महानगरीय क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर मनाया जाता है।

महाराष्ट्र सरकार ने पिछले महीने घोषणा की थी कि इस साल दही हांडी और गणेश चतुर्थी सहित धार्मिक त्योहारों को मनाने पर कोई प्रतिबंध नहीं होगा।

दही–हांडी को मिला खेल का दर्जा

महाराष्ट्र सरकार ने दही हांडी के दिन सार्वजनिक अवकाश घोषित करने के बाद एक और ऐतिहासिक फैसला लिया है। सरकार ने घोषणा की है कि दही हांडी को खेल की श्रेणी में शामिल किया जाएगा। सरकार के इस निर्णय से दही हांडी को साहसी खेल का दर्जा मिल गया है। अब प्रो कबड्डी की तर्ज पर प्रो दही हांडी लीग भी होगा।

गोविंदा को आर्थिक सुरक्षा कवच भी प्रदान करने का निर्णय सरकार ने लिया है। साथ ही गोविंदा को सरकारी नौकरी में भी प्राथमिकता मिलेगी। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने विधानसभा में घोषणा की है कि दही हांडी को खेल की श्रेणी में शामिल कर लिया गया है। इस संबंध में सरकार की ओर से आदेश जारी किया जा चुका है। प्रो कबड्डी की तरह महाराष्ट्र में प्रो दही हांडी प्रतियोगिताएं भी शुरू की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि गोविंदा को सरकारी नौकरी में प्राथमिकता मिलेगी।

राज्य सरकार ने दही हांडी में भाग लेने वाले गोविंदा के सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। दही हांडी के दौरान जान गंवाने वाले और घायल गोविंदा के परिजनों को आर्थिक सहायता दी जाएगी। यदि दही हांडी खेलते समय गोविंदा की मौत हो जाती है तो उसके परिजनों को 10 लाख रु पए और गंभीर रूप से घायल होने पर 7.50 लाख रु पए दिए जाएंगे। दुर्घटना में घायल होने पर 5 लाख रु पए दिए जाएंगे। दही हांडी उत्सव में भाग लेने वाले अन्य गोविंदाओं के बीमा के संबंध में अलग से निर्णय लिया जाएगा।

बता दें कि कोरोना काल के दौरान गत दो सालों से दही हांडी नहीं मनाई गई थी और गणेशोत्सव तथा नवरात्रि के त्यौहार कड़े नियमों के अंतर्गत मनाए गए थे लेकिन शिंदे–फडणवीस की नई सरकार ने इस वर्ष सभी त्योहारों पर से प्रतिबंध हटा लिया है।
 

आईएएनएस/सहारा न्यूज ब्यूरो


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment