आसान होगा पश्चिम बंगाल से सिक्किम का रास्ता, 2023 तक शुरू होगी नई रेल लाइन

Last Updated 10 Aug 2022 12:45:51 PM IST

भारतीय रेलवे ने सिक्किम को भारतीय रेलवे नेटवर्क के तहत चल रहे निर्माण कार्य की स्टेटस अपडेट साझा की है।


रेलवे लाइन

सिवोके-रंगपो परियोजना के पूरा होने के बाद सिक्किम के लोग भारतीय रेल नेटवर्क का लाभ उठा सकेंगे। भारतीय रेलवे के मुताबिक, वेस्ट बंगाल सिक्किम रेल लिंक परियोजना को 2015 तक ही पूरा किया जाना था। लेकिन कई दिक्कतें आने की वजह से इस प्रोजेक्ट को पूरा होने में काफी समय लग गया।

भारतीय रेलवे के मुताबिक, पिछले महीने तक इस मार्ग पर पड़ने वाले 14 सुरंगों में से लगभग 52.13 प्रतिशत (20.25 किमी) का काम पूरा हो चुका है। पुलों पर 33 फीसदी का काम पूरा हो चुका है। पश्चिम बंगाल के सिवोके को सिक्किम के रंगपो से जोड़ने वाली 52 किमी की रेल लाइन के दिसंबर 2023 तक चालू होने की उम्मीद है।

इस परियोजना में 14 सुरंग और 5 स्टेशन शामिल हैं जिनमें से एक कालिंपोंग जिले के तीस्ता में है, जो भूमिगत होगा। कम से कम 86 फीसदी मार्ग 14 सुरंगों से होकर गुजरेंगे जिनमें से 13 सुरंगे पश्चिम बंगाल में हैं। लाइन एक ब्रॉड गेज (5 फीट 6 इंच) है और इसमें प्रस्तावित 65 किलोमीटर प्रति घंटा गति सीमा है।

ट्रैक के एक बार चालू होने के बाद यह पहली बार होगा, जब सिक्किम को मुख्य भारतीय रेल नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। इससे स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। बाद में इसे गंगटोक से जोड़ा जाएगा। रेल लिंक कंचनजंगा पर्वत श्रंखला की तलहटी और तीस्ता नदी घाटी के इलाके से होकर गुजरेगा।
 

आईएएनएस
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment