महाराष्ट्र में महिला का धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश, 4 पर केस

Last Updated 07 Aug 2022 10:10:11 AM IST

महाराष्ट्र में पालघर जिले के दहानू में एक आदिवासी महिला को ईसाई धर्म अपनाने के लिए विवश करने का प्रयास करने के आरोप में चार लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है।


महाराष्ट्र में महिला का धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश, चार पर केस

अधिकारी ने कहा कि पालघर में सारावली के तलवपाड़ा की रहने वाली 50 वर्षीय महिला ने पुलिस को बताया कि चार लोग शुक्रवार को उसके घर आए और उसे ईसाई धर्म अपनाने के लिए समझाया और धर्म परिवर्तन के लिए पैसे की भी पेशकश की।

उन्होंने कहा कि आरोपियों क्लामांट बैला (37), करिम्मा फिलिप्स (53), पिंकी कौर शर्मा (36) और परशुराम शिंगदा (24) के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस अधिकारी ने कहा कि सभी चार आरोपियों को जांच में शामिल होने के लिए नोटिस जारी किया गया है।

ठाणें में भी धर्म परिवर्तन की गयी थी कोशिश

ज्ञात हो, कि दिसंबर, 2019 को महाराष्ट्र के ठाणे जिले में कुछ लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए उकसाने की कोशिश करने वाले तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया था।

नापोली पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया था कि आरोपी रविवार को भिवंडी नगर में कुछ लोगों के समूह के पास पहुंचे और हिंदू भगवानों की आलोचना करने लगे। बाद में आरोपियों ने समूह को कथित तौर पर ईसाई धर्म अपनाने के लिए कहा।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने समूह के सदस्यों से कहा कि अगर वे समाज में धर्म परिवर्तन के संदेश का प्रसार करते हैं तो उन्हें उचित इनाम दिया जाएगा। अधिकारी ने बताया कि समूह के एक सदस्य ने बाद में पुलिस के समक्ष इसकी शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जिनकी पहचान गजेंद्र मारुति देवनूर (26), अजय गौतम और अमर वदवाव के तौर पर की गई। अधिकारी ने बताया कि तीनों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 295-ए और धारा 34 के तहत मामला दर्ज किया गया।

समयलाइव डेस्क
पालघर (महाराष्ट्र)


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment