उपचुनाव नतीजे : शॉटगन ने किया विपक्ष को खामोश
तृमूंका ने प. बंगाल में आसनसोल लोस सीट और बालीगंज विधानसभा सीट पर जीत दर्ज की। वहीं, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के उपचुनाव में कांग्रेस ने एक-एक और बिहार में राजद ने एक सीट पर जीत हासिल की। जबकि भाजपा खाली हाथ रही।
![]() उपचुनाव नतीजे : शॉटगन ने किया विपक्ष को खामोश |
पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशी शत्रुघ्न सिन्हा ने आसनसोल में अपने निकटम प्रतिद्वंद्वी भाजपा की अग्निमित्रा पॉल को 3,03,209 मतों के भारी अंतर से हराया।
वहीं, तृणमूल कांग्रेस के नेता बाबुल सुप्रियो ने बालीगंज विधानसभा उपचुनाव में माकपा उम्मीदवार साइरा शाह हलीम को 20,228 मतों के अंतर से हराकर जीत हासिल की। सुप्रियो को 51,199 वोट मिले, जबकि हलीम को 30,971 वोट मिले। दिलचस्प यह है कि हलीम ने भाजपा की केया घोष को पीछे छोड़ दिया, जिन्हें 13,220 वोट मिले।
उधर, महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ महा विकास अघाड़ी (एमवीए) गठबंधन को शनिवार को तब और बल मिला, जब कांग्रेस ने कोल्हापुर उत्तर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा को 18,000 से अधिक मतों के अंतर से परास्त किया। इसके साथ ही कांग्रेस ने यह सीट बरकरार रखी है। कांग्रेस-एमवीए उम्मीदवार जयश्री जाधव को 96,176 वोट मिले, जबकि भाजपा के सत्यजीत कदम को 77,426 वोट मिले।
इसी तरह, बिहार में बोचहां विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में विपक्षी राजद के उम्मीदवार अमर पासवान ने शनिवार को अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं भाजपा की प्रत्याशी बेबी कुमारी को 35 हजार से अधिक मतों के अंतर से हरा दिया। पासवान (33) को 82,116 मत मिले, जबकि उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी कुमारी को सिर्फ 45,353 वोट मिले। जबकि छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी यशोदा वर्मा ने भाजपा के कोमल जंघेल को 20173 वोटों से हरा दिया।
| Tweet![]() |