अब वंशवाद बनाम लोकतंत्र का संघर्ष होगा!
आने वाले दिनों में वंशवाद बनाम लोकतंत्र का संघर्ष करना होगा और मुंबई मनपा में वंशवाद जरूर हारेगा।
![]() अब वंशवाद बनाम लोकतंत्र का संघर्ष होगा! |
राज्य के समक्ष वंशवाद का संकट है। एक ही परिवार द्वारा लगातार शासन लोकतंत्र के लिए खतरनाक है। पूर्व मुख्यमंत्री व महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस ने पार्टी कार्यकर्ताओं से मुंबई को भ्रष्टाचार से मुक्त करने और निकट भविष्य में प्राइवेट लिमिटेड पार्टी को हटाने के लिए तैयार रहने की अपील की। फडणवीस मंगलवार को भाजपा के स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में बोल रहे थे।
विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस ने कहा, भाजपा का गठन ही राष्ट्रवाद की अवधारणा से हुआ है। भाजपा लोगों की सेवा करते हुए आगे बढ़ने वाली पार्टी है। लगातार संघर्ष करते हुए भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन चुकी है। इस सफलता में सभी कार्यकर्ताओं का अतुलनीय योगदान है। फडणवीस ने कहा, पार्टी को खत्म करने के कई प्रयास हुए। हमारे नेताओं को जेल में भी डाला गया लेकिन हमारी विचारधारा खत्म नहीं हुई। केवल दो सीट होने पर भी पार्टी घबराई नहीं और आज हमारी पार्टी की 302 सीटें हैं तो घबराने की बात ही नहीं है। उन्होंने कहा, भाजपा समानता का संदेश देकर गरीबों के कल्याण में जुटी रहती है।
फडणवीस ने कहा, हमारा लक्ष्य योजनाओं को आखिरी आदमी तक पहुंचाना है। भाजपा सेक्युलर के नाम पर किसी एक धर्म विशेष की जी-हुजूरी नहीं करती बल्कि देश के हर गरीब की सेवा करने में विास रखती है। आने वाले दिनों में शोषित और वंचितों के लिए विकास कार्य योजनाएं लाकर जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं को पूरा अवसर दिया जाएगा। उन्होंने कहा, राज्य में मौजूदा स्थिति भयावह है। सरकार के खिलाफ बोलने वालों को जेल में डाल दिया जाता है। उनके मकान तोड़े जाते हैं। संस्कृति को कुचला जा रहा है। इससे महाराष्ट्र की छवि खराब हो रही है। महाराष्ट्र को भ्रष्टाचार से मुक्त कराने के लिए कड़ा संघर्ष करना होगा। मुंबई की स्थिति विकट है। मुंबई मनपा के सत्ताधारियों द्वारा कोरोना काल में हर काम में भ्रष्टाचार किया गया है। विधानसभा अधिवेशन में हमने मुंबई मनपा में हुए घोटालों का पर्दाफाश किया। लेकिन राज्य के मुख्यमंत्री इस मुद्दे पर चुप्पी साधे रहे। इसलिए आने वाले दिनों में वंशवाद बनाम लोकतंत्र का संघर्ष करना होगा और मुंबई मनपा में वंशवाद जरूर हारेगा, ऐसा विास विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस ने व्यक्त किया।
दादर के वसंत स्मृति स्थित कार्यालय में आयोजित भाजपा स्थापना दिवस समारोह में देवेंद्र फडणवीस के साथ मुंबई भाजपा अध्यक्ष मंगल प्रभात लोढ़ा, पूर्व शिक्षामंत्री विधायक आशीष शेलार, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नरेंद्र पाटिल, विधायक कालिदास कोलंबकर, कैप्टन आर तमिल सेलवन, मुंबई भाजपा उपाध्यक्ष पवन त्रिपाठी, प्रतीक करपे व राजेश शिरवडकर प्रमुख रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यकर्ताओं को ऑनलाइन संबोधित किया।
| Tweet![]() |