चंडीगढ़ में आप की जीत, पंजाब में बदलाव के संकेत : केजरीवाल
‘आप’ संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने चंडीगढ़ नगर निगम के चुनाव में मिली ऐतिहासिक जीत पर खुशी व्यक्त की है।
![]() ‘आप’ संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल |
उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘चंडीगढ़ नगर निगम में आम आदमी पार्टी की यह जीत पंजाब में आने वाले बदलाव का संकेत है। चंडीगढ़ के लोगों ने आज भ्रष्ट राजनीति को नकारते हुए ‘आप’ की ईमानदार राजनीति को चुना है। इस बार पंजाब बदलाव के लिए तैयार है।’
वहीं, दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ट्वीट कर कहा, ‘चंडीगढ़ के लोगों ने आज अरविंद केजरीवाल जी की राजनीति में और उनके नेतृत्व में भरोसा जताया है। इसके लिए चंडीगढ़ के एक-एक वोटर का तहेदिल से शुक्रिया। यह जीत संकेत है कि अगर विकल्प हो, तो लोग ‘ईमानदारी और काम करने वाली राजनीति’ को मौका देना चाहते हैं।’
पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि ‘आप’ संयोजक अरविंद केजरीवाल की ईमानदार राजनीति से पूरे देश के लोग प्रभावित हैं।
सीएम अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में दिल्ली में शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी और महिला सुरक्षा समेत सभी क्षेत्रों में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं, जिसकी चर्चा विदेशों में भी हो रही है। परिणाम स्वरूप देश भर में आम आदमी पार्टी की स्वीकार्यता तेजी से बढ़ी है।
चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी ने उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और गोवा में भी स्थानीय निकाय व पंचायत चुनाव लड़ा और पार्टी को सभी जगहों पर जनता का खूब प्यार मिला।
उत्तर प्रदेश के पंचायत चुनाव में आम आदमी पार्टी ने जिला पंचायत सदस्य की 83 से अधिक सीटें जीती, जबकि ग्राम पंचायत की 300 और क्षेत्र पंचायत सदस्य की 232 से अधिक जगहों पर जीत दर्ज की। वहीं, भाजपा के गढ़ गुजरात में सूरत नगर निगम के चुनाव में आम आदमी पार्टी ने धमाकेदार इंट्री करते हुए 18 सीटों पर कब्जा किया।
पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि इसी तरह महाराष्ट्र में हुए ग्राम पंचायत चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 300 सीटों में से 145 पर जीत दर्ज की। हिमाचल प्रदेश में संपन्न हुए पंचायत चुनाव में ‘आप’ ने 40 प्रत्याशी मैदान में उतारे थे और 36 सीटों पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
वहीं, आम आदमी पार्टी, जम्मू-कश्मीर में जिला विकास काउंसिल सदस्य की एक सीट जीती है और गोवा में भी जिला पंचायत सदस्य की एक सीट जीती है।
चंडीगढ़ नगर निगम में आम आदमी पार्टी को मिली ऐतिहासिक जीत के बाद सोशल मीडिया पर दिल्ली नगर निगम चुनाव भी सुर्खियों में है। सोशल मीडिया पर अगले कुछ महीने में होने वाले दिल्ली नगर निगम के चुनाव को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
सोशल मीडिया पर चर्चा चल रही है कि चंडीगढ़ के बाद दिल्ली एमसीडी पर भी आम आदमी पार्टी का चरचम लहराएगा। इस संबंध में आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता दुर्गेश पाठक का कहना है कि चंडीगढ़ नगर निगम से चली जीत की यह लहर दिल्ली नगर निगम तक पहुंचेगी।
आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पार्टी मुख्यालय पर चंडीगढ़ नगर निगम में धमाकेदार जीत का जश्न मनाया। वहां ढोल-नगाड़े की थाप पर कार्यकर्ता जमकर झूमे और खुशी का इजहार किया।
| Tweet![]() |