लोकप्रियता हासिल करने के लिए मुंबई में निकाली जा रही किसान रैली: अठावले

Last Updated 25 Jan 2021 03:40:17 PM IST

केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने सोमवार को कहा कि केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के विरुद्ध दिल्ली के पास हो रहे आंदोलन के समर्थन में मुंबई में किसानों को जुलूस निकालने की कोई जरूरत नहीं है।


केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले (फाइल फोटो)

उन्होंने आरोप लगाया कि यह केवल ‘‘लोकप्रियता’’ हासिल करने के लिए किया जा रहा है। अठावले ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों के पक्ष में है और उन्हें न्याय दिलाना चाहती है।     

वहीं, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने अठावले पर किसानों का अपमान करने का आरोप लगाया और अपने बयान के लिए माफी मांगने को कहा। पूरे महाराष्ट्र से हजारों की संख्या में किसान, केंद्र के नए कृषि कानूनों के विरोध में प्रदर्शन करने के लिए सोमवार को मुंबई में एकत्रित हुए।

अठावले ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने हाल ही में तीनों कृषि कानूनों को लागू करने पर रोक लगा दी है और केंद्र ने भी दो साल के लिए कानूनों पर रोक लगाने का प्रस्ताव दिया था। उन्होंने एबीपी माझा चैनल से कहा, ‘‘(मुंबई में) इस जुलूस की कोई जरूरत नहीं है क्योंकि सुप्रीम कोर्ट ने कानूनों को लागू करने पर रोक लगा दी है।’’       

अठावले ने कहा, ‘‘सरकार ने दो साल के लिए कानून लागू न करने का प्रस्ताव दिया था। इसलिए यह आंदोलन केवल लोकप्रियता हासिल करने के लिए किया जा रहा है।’’ उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार किसानों के पक्ष में है और उन्हें न्याय दिलाना चाहती है। उन्होंने कहा, ‘‘किसानों को सुनना चाहिए* उन्हें आंदोलन बंद कर देना चाहिए।’’       

इस बीच महाराष्ट्र राकांपा के मुख्य प्रवक्ता महेश तपासे ने कहा कि आठवले ने आजाद मैदान में विरोध प्रदर्शन को लोकप्रियता हासिल करने का हथकंडा बता कर देश के किसानों का अपमान किया है।     

तपासे ने एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘आठवले एक मंत्री हैं। उन्होंने किसानों की भावनाओं को आहत किया है। उन्हें तत्काल देश और विशेषकर महाराष्ट्र के किसानों से माफी मांगनी चाहिए।’’ 

भाषा
मुंबई


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment