माओवादियों से ज्यादा खतरनाक है भाजपा : ममता

Last Updated 19 Jan 2021 05:09:26 PM IST

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को भाजपा को माओवादियों से ज्यादा खतरनाक बताते हुए आरोप लगाया कि भगवा पार्टी चुनाव से पहले लोगों से झूठे वादे कर रही है।




ममता बनर्जी(फाइल फोटो)

तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ने कहा कि राजनीति एक पवित्र विचारधारा और दर्शन है तथा कपड़ों की तरह रोज विचारधारा नहीं बदली जा सकती है।

राज्य में अप्रैल-मई में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कई नेताओं ने तृणमूल कांग्रेस छोड़ दी है।

कभी वामपंथ का गढ रहे पुरुलिया जिले में एक रैली को संबोधित करते हुए ममता ने कहा, ‘‘भाजपा माओवादियों से भी ज्यादा खतरनाक है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा से जो जुड़ना चाहते हैं वो जा सकते हैं, लेकिन हम भगवा पार्टी के सामने कभी अपना सिर नहीं झुकाएंगे।’’

हाल के दिनों में तृणमूल कांग्रेस के कई नेता भाजपा में शामिल हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि भाजपा नेताओं ने झूठे वादे कर जंगलमहल इलाके के आदिवासियों को गुमराह किया और लोकसभा चुनाव जीतने के बाद उनके पास कभी नहीं आए।

पुरुलिया भी जंगलमहल इलाके में आता है। भाजपा ने 2019 के लोकसभा चुनाव में पुरुलिया समेत जंगलमहल इलाके में सभी सीटों पर जीत हासिल की थी।

भाषा
पुरुलिया (पश्चिम बंगाल)


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment