गोवा: कांग्रेस के 3 बागी, 1 भाजपा विधायक ने मंत्री पद की शपथ ली

Last Updated 13 Jul 2019 11:25:06 AM IST

गोवा में गुरुवार को कांग्रेस के तीन बागी और भाजपा के एक विधायक को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई।


मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत (फाइल फोटो)

इससे पहले गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने राज्य मंत्रिमंडल में फेरबदल से पहले शनिवार को चार मंत्रियों को अपने मंत्रिमंडल से हटा दिया। इन मंत्रियों में गोवा फॉर्वड पार्टी (जीएफपी) के तीन और एक निर्दलीय विधायक शामिल है।  इस संबंध में अधिसूचना दोपहर में जारी की गई।      

अधिसूचना के अनुसार चार मंत्रियों- उप मुख्यमंत्री विजय सरदेसाई, जल संसाधन मंत्री विनोद पालेकर, ग्रामीण विकास मंत्री जयेश सालगांवकर (सभी जीएफपी विधायक) और राजस्व मंत्री रोहन खुंटे (निर्दलीय) को मंत्रिमंडल से हटा दिया गया।  इन मंत्रियों के स्थान पर माइकल लोबो और कांग्रेस से भाजपा आने वाले 10 में से तीन विधायकों को शामिल किया जाएगा।      

लोबो ने कुछ ही देर पहले विधानसभा उपाध्यक्ष के तौर पर इस्तीफा दे दिया था। लोबो ने बताया कि उनके अलावा चंद्रकांत कावलेकर, फिलिप नेरी रॉड्रिग्ज और जेनिफर मोनसेरात को नए मंत्रिमंडल में शामिल किया गया।    

जेनिफर मोनसेरात पणजी से विधायक अतानासियो मोनसेरात की पत्नी हैं। इससे पहले इस प्रकार की अटकलें लगाई जा रही थीं कि अतानासियो को मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा।      

लोबो ने कहा, ‘‘अतानासियो मोनसेरात ने मंत्रिपद लेने से इनकार कर दिया और इसके बजाए उन्होंने मुख्यमंत्री से उनकी पत्नी को मंत्रिमंडल में शामिल करने का अनुरोध किया।’’      

नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण अपराह्न तीन बजे होगा।    

कांग्रेस के 10 विधायक बुधवार को भाजपा में शामिल हो गए थे और इसके साथ ही 40 सदस्यीय सदन में भाजपा विधायकों की संख्या बढकर 27 हो गई है।            

तीन महीने पहले मुख्यमंत्री बनने के बाद से यह सावंत द्वारा मंत्रिमंडल में दूसरा फेरबदल है। पहले मंत्रिमंडल फेरबदल में सावंत ने एमजीपी से अलग हुए विधायक दीपक पुष्कर को मंत्री बनाया था। उस समय उपमुख्यमंत्री सुदिन धवलिकर को हटाया गया था।         

सावंत ने बताया कि भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर यह फैसला लिया गया है।         

जीएफपी अध्यक्ष एवं उपमुख्यमंत्री विजय सरदेसाई ने कहा था कि वे मैत्रीपूर्ण समाधान से इस संकट के हल की उम्मीद कर रहे हैं।         

सरदेसाई ने कहा था, ‘‘गोवा फॉर्वड पार्टी राजग का हिस्सा है और भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व से बातचीत के बाद वह भाजपा नीत सरकार में शामिल हुई थी।’’

आईएएनएस/भाषा
पणजी


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment