महाराष्ट्र: भूमि अधिकारों, सूखा राहत के लिए सड़कों पर उतरे किसान, आजाद मैदान तक किसानों का मार्च

Last Updated 22 Nov 2018 03:34:49 PM IST

सूखा राहत और आदिवासियों को भूमि अधिकार देने की मांग कर रहे हजारों किसान गुरूवार को दक्षिण मुंबई के आजाद मैदान पहुंचे।




सूखा राहत के लिए सड़कों पर उतरे किसान (फाइल फोटो)

बुधवार को ठाणे से मुंबई का दो दिवसीय मार्च शुरू करने वाले किसानों और आदिवासियों ने कल की रात मुंबई के सायन इलाके के सोमैया मैदान में गुजारी। आज सुबह वे वहां से दादर और जेजे फ्लाईओवर होते हुए आजाद मैदान के लिए निकले।       

प्रदर्शन का आयोजन लोक संघर्ष मोर्चा नामक संगठन ने किया है।       

पानी के क्षेत्र में काम करने वाले मैग्सायसाय पुरस्कार विजेता डॉ राजेंद्र सिंह भी मार्च में शामिल रहे। उन्होंने सूखे के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराया और इसे मानव-जनित करार दिया।       


मोर्चा के एक नेता ने कहा कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मोर्चा नेताओं को चर्चा के लिए गुरूवार दोपहर बाद विधान भवन में आमंत्रित किया है। विधानसभा में अभी शीतकालीन सत्र चल रहा है। उन्होंने बताया कि मोर्चा में भाग लेने वाले अधिकतर किसान ठाणे, भुसावल और मराठवाड़ा क्षेत्रों के हैं।       

किसान स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट को लागू करने की मांग कर रहे हैं जिसके मुताबिक, किसानों को पानी और भूमि जैसे संसाधनों पर सुनिश्चित पहुंच और नियंत्रण मिलना चाहिए।       

मोर्चा की महासचिव प्रतिभा शिंदे ने कहा, ‘‘हम राज्य सरकार से अपनी दीर्घकालिक मांगों को पूरा करने के लिए लगातार कह रहे हैं, लेकिन प्रतिक्रिया लचर रही। हम यह आंदोलन शुरू करने के लिए मजबूर हुए।’’

 

भाषा
मुंबई


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment