हमले के बाद CM रेखा गुप्ता पहली बार सार्वजनिक कार्यक्रम में हुई शामिल, यमुनापार के विकास का जिम्मा अरविंदर लवली को दिया

Last Updated 22 Aug 2025 03:01:39 PM IST

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पिछले दिनों खुद पर हुए हमले के बाद पहली बार सार्वजनिक रूप से शुक्रवार को गांधी नगर में एक कार्यक्रम में शिरकत की।


गुप्ता ने गांधी नगर थोक बाजार द्वारा आयोजित ‘ओपन मार्केट गॉरमेंट शो-वस्त्रिका’ के उद्घाटन समारोह को संबोधित किया। उन्होंने स्थानीय विधायक अरविंदर सिंह लवली को यमुना पार विकास बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘वह दिल्ली सरकार में शीर्ष पदों पर रहे हैं, लेकिन बिना किसी छिपे एजेंडे के, सिर्फ विकास के लिए भाजपा में शामिल हुए। वह गांधी नगर के मुख्यमंत्री जैसे हैं। उन्होंने दिल्ली के विकास की शपथ ली है। लवली यमुना पार विकास बोर्ड के अध्यक्ष होंगे।’’

मुख्यमंत्री ने लवली और पूर्वी दिल्ली के सांसद एवं केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ​​से क्षेत्र के विकास के लिए बजट का प्रस्ताव तैयार करने को भी कहा।उन्होंने कहा, ‘‘मैं आज बजट स्वीकृत कर रही हूं। आप बस बजट अनुमानों के साथ एक फ़ाइल तैयार कर लीजिए।’’

गुप्ता ने कहा कि उनकी सरकार सभी डीटीसी बसों के लिए रूट मैपिंग शुरू कर रही है और इसकी शुरुआत यमुना पार से होगी।उन्होंने कहा, ‘‘हम मार्गों को ठीक कर देंगे। हर इलाके में पर्याप्त बसें चलेंगी।’’

रेखा गुप्ता पर बुधवार को सिविल लाइंस स्थित उनके आवास पर आयोजित जन सुनवाई कार्यक्रम के दौरान हमला हुआ था।

गांधीनगर के कार्यक्रम में भाजपा विधायक के खिलाफ नारेबाजी करता बुजुर्ग गिरफ्तार

दिल्ली के गांधीनगर में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान भाजपा विधायक अरविंदर सिंह लवली के खिलाफ नारेबाजी करने के आरोप में शुक्रवार को 60 वर्षीय एक बुजुर्ग व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि प्रवीण शर्मा नाम का यह व्यक्ति अजीत नगर में केबल टीवी का व्यवसाय करता है। उसने खुद को भाजपा कार्यकर्ता बताया और कहा कि वह पिछले 40 सालों से पार्टी से जुड़ा हुआ है।

पुलिस उपायुक्त (शाहदरा) प्रशांत गौतम ने कहा, "गांधी नगर निवासी प्रवीण शर्मा ने गांधी नगर के विधायक अरविंदर सिंह लवली के खिलाफ उस समय नारे लगाए, जब वह लोगों को संबोधित कर रहे थे।"

धिकारी ने बताया कि शर्मा सुरक्षा बैरिकेड्स के पीछे एक गली में खड़े थे और उन्हें तुरंत कार्यक्रम स्थल से बाहर ले जाया गया।

डीसीपी ने स्पष्ट किया, ‘‘वीआईपी की सुरक्षा में किसी भी क्षण कोई चूक नहीं हुई’’

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी इस कार्यक्रम में शामिल हुईं। बुधवार को उन पर हुए हमले के बाद यह उनकी पहली सार्वजनिक उपस्थिति थी लेकिन अधिकारियों ने कहा कि उनके पहुंचने से पहले ही हंगामा समाप्त हो चुका था।    

गुप्ता पर बुधवार को 'जन सुनवाई' कार्यक्रम के दौरान उनके सिविल लाइंस शिविर कार्यालय स्थित आवास पर 41 वर्षीय एक व्यक्ति ने कथित तौर पर हमला किया था।

 

भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment