राजनीतिक गर्मी के बीच मौसम ने भी दिखाए अपने रंग

Last Updated 14 Apr 2024 07:14:02 AM IST

दिल्ली-एनसीआर में चिलचिलाती गर्मी से लोगों को राहत मिली है। शनिवार को यहां अचानक मौसम बदल गया, जिसके बाद बारिश हुई।


राजनीतिक गर्मी के बीच मौसम ने भी दिखाए अपने रंग

शनिवार दोपहर से ही आसमान में बादल छाने लगे, जिसके बाद तेज बारिश की संभावना बनी।

शाम होते-होते बारिश भी होने लगी, हालांकि ये ज्यादा देर तक नहीं चली। अचानक मौसम बदलने से तापमान में भी गिरावट आई है, करीब 4 से 5 डिग्री तक तापमान में कमी आई है।

मौसम विभाग ने पहले बताया था कि उत्तर पश्चिम भारत में 13 और 14 अप्रैल को मध्यम से तीव्र तूफान के साथ तेज हवाएं, ओलावृष्टि, बिजली गिरने की संभावना है।

साथ ही मध्यम गति के तूफान की भी संभावना जताई गई थी। मौसम विभाग ने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ ईरान के ऊपर बना हुआ है, जिसके बीच में एक ट्रफ है।

इसके 13-15 अप्रैल के दौरान अरब सागर से उत्तर पश्चिम भारत में आने की संभावना है, जिससे चक्रवाती हवाओं का एक क्षेत्र बन गया है।

इसका ट्रफ दक्षिण राजस्थान और इससे सटे उत्तरी गुजरात और नीचे उत्तरी ओडिशा तक बना हुआ है।

मौसम विभाग के मुताबिक मध्य प्रदेश और मराठवाड़ा में कई जगहों पर ओले गिरे हैं। मौसम विभाग ने बताया कि गरज, बिजली और तेज़ हवाओं (30-40 किमी प्रति घंटे) के साथ छिटपुट से लेकर व्यापक वष्रा 13 से 15 अप्रैल के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली और राजस्थान में हो सकती है।

दिल्ली एयरपोर्ट से 22 फ्लाइटें डायवर्ट

खराब मौसम के कारण शनिवार शाम को दिल्ली हवाई अड्डे पर 22 उड़ानों का मार्ग परिवर्तन किया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

इनमें से नौ उड़ानों को जयपुर, आठ को लखनऊ, दो को चंडीगढ़ और 1-1 को वाराणसी, अमृतसर तथा अहमदाबाद भेजा गया। अधिकारी ने कहा कि जिन उड़ानों का मार्ग परिवर्तित किया गया, उनमें इंडिगो की नौ उड़ानें, एयर इंडिया की आठ उड़ानें और विस्तारा की तीन उड़ानें शामिल हैं।

मार्ग परिवर्तन शाम तीन बजे से साढ़े छह बजे के बीच हुआ। राष्ट्रीय राजधानी में इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (आईजीआईए) प्रतिदिन लगभग 1,300 उड़ानों की आवाजाही संभालता है।

समय लाइव डेस्क
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment