भाजपा नेता ओपी कोहली का निधन
गुजरात के पूर्व राज्यपाल और दिल्ली से भाजपा के वरिष्ठ नेता ओ पी कोहली का सोमवार को निधन हो गया।
![]() गुजरात के पूर्व राज्यपाल और दिल्ली से भाजपा के वरिष्ठ नेता ओ पी कोहली |
दिल्ली भाजपा ने एक बयान में यह जानकारी दी। भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी की दिल्ली इकाई के पूर्व अध्यक्ष कोहली पिछले दो-तीन महीने से अस्वस्थ थे और नोएडा के एक अस्पताल में उनका निधन हो गया। वह 87 वर्ष के थे।
भाजपा नेताओं ने कहा कि कोहली का अंतिम संस्कार मंगलवार को निगम बोध घाट पर किया जाएगा।
दिल्ली भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि कोहली पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता थे जिनके नेतृत्व में पिछले कई वर्ष में हजारों नेता और कार्यकर्ता तैयार हुए।
सचदेवा ने कहा कि कोहली ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता के रूप में सामाजिक जीवन की शुरुआत की और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से भी जुड़े रहे।
कोहली 1991 में राजनीति में आये और उन्होंने दिल्ली भाजपा की जिम्मेदारी संभाली। वह तीन बार दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष रहे और राज्यसभा में भी दिल्ली का प्रतिनिधित्व किया।
| Tweet![]() |