केजरीवाल ने दिल्ली को घोटालों की प्रयोगशाला बना दिया : अनुराग ठाकुर

Last Updated 04 Dec 2022 07:34:14 AM IST

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया है कि केजरीवाल सरकार के भ्रष्टाचार की सूची काफी लंबी है और अब उसमें श्रमिक घोटाला भी जुड़ गया है।


केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर (फाइल फोटो)

श्रमिकों की हक मार करके उन्होंने गरीब श्रमिकों का भी पैसा नहीं छोड़ा है। देश की राजधानी दिल्ली को उन्होंने भ्रष्टाचार की प्रयोगशाला बनाकर रख दिया है। संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) बस खरीद, स्कूलों में क्लास रूम के निर्माण, शराब एवं विज्ञापन में घोटाले का आरोप लगाते हुए कहा कि यह घोटालों की सरकार है। उनके साथ प्रवक्ता हरीश खुराना एवं विक्रम मित्तल भी थे।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केजरीवाल सरकार ने सात सालों में दिल्ली में घोटालों का नया मॉडल विकसित किया है। घोटालों की इस सूची में श्रमिकों के हक के फंड में घोटाला करके सभी को शर्मसार किया है। श्रमिकों के नाम पर फर्जी पंजीकरण कराकर करोड़ों रुपए केजरीवाल सरकार डकार गई है।

श्रमिक मेहनत करने बाद भी खाली हाथ ही रहा। उन्होंने आरोप लगाया महामारी के दौरान उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, बंगाल एवं अन्य राज्यों के मजदूरों को न्यूनतम सुविधाएं भी सरकार मुहैया नहीं करवा सकी। श्रमिकों के नाम पर अपने लोगों को भुगतान कर दिया। यह सभी फर्जी पंजीकरण केजरीवाल सरकार के इशारे पर हुए थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल इन गरीब श्रमिकों के गुनाहगार हैं।

अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि जेल में मंत्री को मिल रहीं सुविधाओं को भी वह सही ठहराने में लगे हैं। वह एक रेपिस्ट को थेरेपिस्ट का सर्टिफिकेट दे दिया। दिल्ली सरकार का एक मंत्री किस तरह जेल के भीतर जेल अधिकारियों के साथ बैठक करता दिख रहा है, यह अपने आप में शर्मनाक है। 

अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि सरकारी कामकाज में घोटाला करते-करते मुख्यमंत्री निगम चुनाव में टिकट भी बेचने लगे। दिल्ली में टिकटों की बिक्री का मॉडल पहली बार लोगों ने देखा है। इसके वीडियो घर-घर वायरल हो रहे हैं।

सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment