एमसीडी टिकट बिक्री मामला : स्टिंग वीडियो को लेकर आप पर हमलावर है भाजपा

Last Updated 22 Nov 2022 10:33:26 AM IST

दिल्ली नगर निगम के चुनाव में टिकट की बिक्री का मामला लगातार जोर पकड़ रहा है। एक के बाद एक वीडियो जारी कर भाजपा लगातार आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं पर हमलावार है।


भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष संबित पात्रा

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष संबित पात्रा ने सोमवार को एक और वीडियो जारी करते हुए आरोप लगाया है कि इसमें दिख रहे लोग आप की पीएसी कमेटी के पदाधिकारी हैं। उनका तर्क है कि वहां पीएसी कमेटी की सिफारिश पर ही टिकटों का बंटवारा होता है।

संवाददाता सम्मेलन में प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि यह सभी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के करीबी हैं। उनके साथ विधायक विजेंद्र गुप्ता ने इस मामले की जांच की एसीबी से कराने की मांग की है।  

संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल के भ्रष्टाचार की कहानी रोहिणी के वार्ड नंबर-54 की है, जहां से इस पूरे स्टिंग को अंजाम दिया गया। उन्होंने दावा किया है कि इसमें मुख्य रूप से मुख्यमंत्री के कई करीबी शामिल हैं।

वीडियो में सुनाई दे रही बातचीत का जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया है कि एक टिकट के बदले 80 लाख रुपए की मांग की जा रही है। टिकट किसे और कितने रुपए में देना है यह आप की पीएसी कमेटी करती है। इस कमेटी में गोपाल राय, दुर्गेश पाठक, आतिशी, आदिल खान आदि नेता शामिल हैं।

उन्होंने वीडियो के आधार पर दावा करते हुए कहा है कि करीब 110 सीट की बुकिंग की गई थी। वीडियो में मुख्यमंत्री के एक करीबी कहते सुनाई दे रहे हैं कि मैंने जान पहचान करवा दी है। टिकट मिलने पर तीन किस्तों में भुगतान करने की बात की जा रही है। 

भाजपा विधायक विजेंद्र गुप्ता ने आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री के करीबियों ने मोटी रकम लेकर टिकट दिए हैं। आप में मेहनती कार्यकर्ताओं की कोई इज्जत नहीं है। जो कार्यकर्ता अधिक उगाही करेगा, वह पार्टी में आगे तक जाएगा। उन्होंने मांग की है कि इस मामले की जांच होनी चाहिए।

 

सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment