प्रदर्शनों के कारण भाजपा पंजाब के किसानों को पराली जलाने के लिए निशाना बना रही : राय

Last Updated 02 Nov 2022 04:39:29 PM IST

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर आरोप लगाया कि कृषि कानूनों के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शनों की वजह से वह पंजाब में किसानों को पराली जलाने के लिए निशाना बना रही है।


दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय (फाइल फोटो)

कृषि कानूनों को अब वापस ले लिया गया है।

आम आदमी पार्टी (आप) के नेता ने कहा कि पंजाब में किसान पराली जलाने को मजबूर हैं, क्योंकि भाजपा नीत केंद्र सरकार ने पराली नहीं जलाने के लिए उन्हें आर्थिक सहायता प्रदान करने की राज्य सरकार की योजना का समर्थन नहीं किया।

राय ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘हर कोई एक ही सवाल कर रहा है कि दिल्ली और पंजाब में आप के सत्ता में होने के बावजूद पराली जलाने की घटनाओं में कमी क्यों नहीं आई? पराली जलाने की घटनाओं में कमी नहीं आई है क्योंकि केंद्र ने समर्थन देने से इनकार कर दिया।’’

दिल्ली एवं पंजाब की सरकारों ने जुलाई में संयुक्त रूप से केंद्र को प्रस्ताव भेजा था कि वे कृषि प्रधान राज्य में किसानों को पराली नहीं जलाने के लिए नकद प्रोत्साहन देने में मदद करें।

प्रस्ताव के अनुसार, दिल्ली और पंजाब सरकार 500-500 रुपये और केंद्र सरकार 1,500 रुपये प्रति एकड़ का योगदान देगी।

पंजाब सरकार के अधिकारियों के अनुसार, केंद्र ने उस प्रस्ताव को खारिज कर दिया और कहा कि वह किसानों को सब्सिडी के साथ मशीनें उपलब्ध करा रही है एवं नकद प्रोत्साहन देने के लिए उसके पास पैसे नहीं हैं।

पर्यावरण मंत्री राय ने कहा, "केंद्र ने किसानों के साथ विश्वासघात किया है। मुझे प्रतीत होता है कि वे प्रदर्शनों (कृषि कानूनों के खिलाफ) के कारण किसानों से घृणा करते हैं।"

आप नेता ने कहा, "भाजपा किसानों पर पराली जलाने का आरोप लगा रही है... वे चाहते हैं कि किसानों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाए। उन्हें किसानों को कोसना देना बंद करना चाहिए, उनसे बदला लेना बंद करना चाहिए।"

राय ने कहा कि वायु प्रदूषण की समस्या का राजनीति के माध्यम से हल नहीं निकाला जा सकता और "वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (जीआरएपी) लेकर आया है, जिसे उत्तर प्रदेश और हरियाणा- गाजियाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम और बहादुरगढ़ में लागू करने की जरूरत है।’’

उन्होंने कहा, "हम जीआरएपी का पालन कर रहे हैं और इसके तहत दिल्ली में कुछ आवश्यक परियोजनाओं को छोड़कर निर्माण कार्य पर प्रतिबंध लगा दिया है। हमें हरियाणा और उत्तर प्रदेश की सरकारों से समर्थन की आवश्यकता है। उन्हें सक्रिय होने की जरूरत है।"

राय ने भाजपा की आलोचना करते हुए कहा कि उसने पटाखों पर प्रतिबंध का विरोध किया, "रेड लाइट ऑन, गाड़ी ऑफ’’ अभियान को लागू करने से रोक दिया और अब राजधानी में प्रदूषणकारी गतिविधियों पर प्रतिबंध का उल्लंघन कर रही है।

आप नेता ने कहा, "मुझे आश्चर्य है कि भाजपा राजनीति के लिए इतना गिर गई है। क्या उन्हें नहीं मालूम है कि दिल्ली में जीआरएपी लागू किया गया है? क्या वे समाचार पत्र नहीं पढ़ते हैं?"

उल्लेखनीय है कि दिल्ली सरकार ने मंगलवार को यहां भाजपा मुख्यालय में काम बंद करने के लिए नोटिस जारी किया और शहर में बिगड़ती वायु गुणवत्ता को देखते हुए निर्माण और विध्वंस कार्य पर लगाए गए प्रतिबंध का उल्लंघन करने पर निजी कंपनी लार्सन एंड टुब्रो लिमिटेड पर पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया।

इस बीच भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के अनुसार मंगलवार को पंजाब में पराली जलाने की 1,842 और सोमवार को 2,131 घटनाएं हुईं जो इस सीजन में अब तक की सबसे अधिक संख्या है।
 

भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment