जीवंत हो रही है संजय झील, प्रवासी पक्षियों और पर्यटकों को करेगी आकर्षित

Last Updated 18 Sep 2022 12:17:54 PM IST

दिल्ली सरकार द्वारा दो तरह की झीलों को विकसित करने का काम किया जा रहा है।


संजय झील (फाइल फोटो)

इनमें कुछ झीलों का शुरूआत से निर्माण करना है, तो कुछ झीलों को जीवंत करने का उद्देश्य है। इसी कड़ी में दिल्ली के त्रिलोकपुरी स्तिथ संजय झील के पानी को साफ करने और सौंदर्यीकरण का काम किया जा रहा है। जीवंत होने के बाद संजय झील ना सिर्फ बड़ी संख्या में पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनेगी, बल्कि प्रवासी जलपक्षियों को भी अपनी तरफ आकर्षित करेगी। संजय झील वैसे तो हमेशा से पर्यटकों के लिए एक अच्छी जगह मानी जाती रही है। ईस्ट दिल्ली के लोग सुबह यहां मॉनिर्ंग वॉक के लिए भी आते हैं, लेकिन कुछ अरसे से यहां का पानी मटमैला होने और आसपास सौंदर्यीकरण ना होने की वजह से इसका आकर्षण खत्म होने की कगार पर है। यही वजह है दिल्ली जल बोर्ड और डीडीए ने संजय झील को सुंदर बनाने का निर्णय लिया है। झील के पानी को साफ करने का काम दिल्ली जल बोर्ड कर रहा है, तो वहीं सौंदर्यीकरण का काम डीडीए द्वारा किया जाएगा।

संजय झील करीब 53 एकड़ में फैली है। ये झील दिल्ली विकास प्राधिकरण के पार्क परिसर में मौजूद है। दिल्ली जल बोर्ड इसके पानी को साफ करने और रखरखाव के लिए 4.63 करोड़ रुपए खर्च कर रहा है। दिल्ली जल बोर्ड के एक अधिकारी ने बताया कि संजय झील में पानी को साफ करने के लिए मशीनें लगाई गई हैं। झील के लिए कोंडली स्थित एसटीपी से पानी लिया जा रहा है। इसके लिए प्राधिकरण ने लगभग दो किलोमीटर अंडरग्राउंड पाइपलाइन भी डाली है। जल बोर्ड के पास पानी साफ करने, पानी मुहैया कराने और झील के रखरखाव का काम है। वहीं सौंदर्यीकरण और बाकी काम डीडीए द्वारा किया जाएगा।

संजय झील को जीवंत करने के पीछे कई मकसद हैं। दिल्ली सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि झील का पानी साफ होने के बाद यहां प्रवासी जलपक्षियों की तादाद में इजाफा होगा। इसके अलावा सौंदर्यीकरण हो जाने से सुबह सैर करने आने वाले लोगों को अच्छा वातावरण मिलेगा। जीवंत होने के बाद संजय झील पानी का स्रोत होने के साथ ही जलीय जीवन को सपोर्ट करने और जलवायु को नियंत्रित करने में भी मदद करेगी। आसपास के लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।

वहीं दिल्ली विकास प्राधिकरण से मिली जानकारी के मुताबिक ये झील बाहर से आने वाले पर्यटकों को भी आकर्षित करेगी। इसके लिए झील के पास वोटिंग के अलावा भी कई सुविधाएं मिलेंगी। यहां पर्यटकों को आकर्षित करने के उद्देश्य से झील के पास ही सेल्फी प्वाइंट भी बनाया जाएगा। इसके अलावा झील के चारों तरफ फुटपाथ बनाकर बैठने के लिए बेंच भी लगाई जाएंगी। जिससे दिल्ली वाले यहां अपने परिवार के साथ सुकून के पल गुजार सकें।

जानकारी के मुताबिक फिलहाल संजय झील के पानी सफाई का काम जल्द पूरा होने की उम्मीद है, वहीं सौंदर्यीकरण के काम में कुछ और वक्त लग सकता है।

आईएएनएस
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment