मनीष सिसोदिया ने किया CBI गिरफ्तारी का दावा, बोले- मोदी बनाम केजरीवाल होगा 2024 का लोकसभा चुनाव

Last Updated 20 Aug 2022 01:11:17 PM IST

दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने सीबीआई की छापेमारी के बाद शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने विवादों में घिरी नई आबकारी नीति को बेस्ट पॉलिसी करार दिया।


CBI की रेड पर मनीष सिसोदिया की प्रेस कॉन्फ्रेंस

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल को डराने के लिए सभी हथकंडे आजमा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि दिल्ली की आबकारी नीति पूरी पारदर्शिता के साथ लागू की गई थी, कोई घोटाला नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि वे लोग (केंद्र सरकार) अरविंद केजरीवाल को रोकना चाहते हैं, जिनके द्वारा शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में किए गए काम की दुनियाभर में चर्चा हो रही है।

उपमुख्यमंत्री ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘मेरे परिवार को कोई असुविधा न होने देने के लिए उनका आभार जताना चाहता हूं। वे अच्छे अधिकारी हैं, लेकिन उन्हें छापे मारने के लिए ऊपर से आदेश मिले हैं।’’

गौरतलब है कि सीबीआई ने दिल्ली की आबकारी नीति के क्रियान्वयन में कथित भ्रष्टाचार के संबंध में प्राथमिकी दर्ज करने के बाद शुक्रवार सुबह सिसोदिया और आईएएस (भारतीय प्रशासनिक सेवा) अधिकारी अरवा गोपी कृष्ण के आवास पर छापे मारे थे। जांच एजेंसी ने 19 अन्य स्थानों की भी तलाशी ली थी।

सिसोदिया ने कहा कि इन लोगों को घोटाले की चिंता नहीं है; इन लोगों की चिंता अरविंद केजरीवाल हैं, जिनसे जनता प्यार करती है और जो राष्ट्रीय स्तर पर एक विकल्प के रूप में उभरे हैं। वे अरविंद केजरीवाल को रोकना चाहते हैं, जिनके द्वारा शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में किए गए काम की दुनियाभर में चर्चा हो रही है।

उन्होंने अपनी गिरफ्तारी पर भी संदेह जताते हुए कहा, "सीबीआई के अधिकारी आज-कल में मुझे भी गिरफ्तार कर सकते हैं। हम भगत सिंह के फॉलोअर हैं। हम डरने वाले नहीं हैं। हमको नहीं तोड़ पाएंगे। देश के लिए हम जेल भी जाएंगे। केजरीवाल के साथ लाखों बच्चों और करोड़ों लोगों की दुआएं हैं।

डिप्टी सीएम ने दावा किया कि 2024 का लोकसभा चुनाव आम आदमी पार्टी बनाम भाजपा, मोदी बनाम केजरीवाल होगा। अबतक लोग पूछते थे कि मोदी बनाम कौन, आज पूरा देश अरविंद केजरीवाल की ओर देख रहा है।

शुक्रवार सुबह शुरू हुई सीबीआई की छापेमारी देर रात तक चली थी। इस दौरान सीबीआई की टीम ने डिप्टी सीएम के घर से सीक्रेट डॉक्यूमेंट भी बरामद किए हैं और जांच एजेंसीयों ने उनके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कर लिया है। वहीं इस मामले में जांच एजेंसी ने मनीष सिसोदिया के अलावा 14 और लोगों को आरोपी बनाया है।
 

एजेंसियां
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment