भाजपा नेता की 'गिरफ्तारी' पर संग्राम

Last Updated 07 May 2022 01:32:07 AM IST

पंजाब पुलिस ने शुक्रवार को भाजपा नेता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा को राष्ट्रीय राजधानी में उनके आवास से गिरफ्तार किया।


भाजपा नेता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा

भाजपा नेता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा की गिरफ्तारी के बाद पूरे दिन चले नाटकीय घटनाक्रम में बग्गा को उनके घर से कथित तौर पर जबरन उठाये जाने के चलते हरियाणा पुलिस ने पंजाब पुलिस के वाहनों को हरियाणा के कुरुक्षेत्र में रोक लिया, जिसके बाद दिल्ली पुलिस बग्गा को वापस राष्ट्रीय राजधानी ले आई।

भाजपा-आप में जुबानी जंग: बग्गा (36) की गिरफ्तारी और फिर उन्हें वापस लाए जाने के प्रकरण को लेकर आम आदमी पार्टी और भाजपा ने एक-दूसरे पर निशाना साधा। भाजपा ने पंजाब पुलिस पर उसके नेता को अगवा करने का आरोप लगाया और केजरीवाल पर राजनीतिक प्रतिशोध के लिए राज्य की पुलिस का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। वहीं, आम आदमी पार्टी ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि भाजपा की दिल्ली इकाई के प्रवक्ता बग्गा को कथित तौर पर पंजाब में सांप्रदायिक तनाव बढ़ाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।

दिल्ली पुलिस ने किडनैपिंग का केस दर्ज किया : दिल्ली पुलिस ने बग्गा के पिता प्रीतपाल सिंह की शिकायत पर अपहरण का मुकदमा दर्ज किया। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, आईपीसी की धारा 452 (मारपीट या गलत इरादे से अवैध तरीके से घर में घुसना), धारा 392 (लूटपाट), धारा 342 (अवैध हिरासत), धारा 365 (अपहरण), धारा 295ए (किसी वर्ग की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए जानबूझकर किया गया दुर्भावनापूर्ण कृत्य) और धारा 34 (समान इरादा) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार की मांग ठुकराई : इस बीच, पंजाब सरकार ने कुरुक्षेत्र में उसके पुलिस दल को हिरासत में लेने के खिलाफ उच्च न्यायालय का रुख किया। हालांकि पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय ने शुक्रवार को पंजाब सरकार के उस अनुरोध को ठुकरा दिया, जिसमें दिल्ली पुलिस को भाजपा नेता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा की हिरासत नहीं देने और उन्हें हरियाणा में ही रखने की गुहार लगायी गई थी। अदालत इस मामले में अब शनिवार को सुनवाई करेगी। पंजाब सरकार ने शुक्रवार को उच्च न्यायालय के समक्ष बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दायर की थी।

गिरफ्तारी पर पंजाब पुलिस की दलील : पंजाब पुलिस ने कहा कि उसने मोहाली में दर्ज एक मामले में तेजिंदर पाल सिंह बग्गा को उनके आवास से गिरफ्तार किया। उन्होंने दावा किया कि पांच नोटिस भेजे जाने के बावजूद बग्गा (36) जांच में शामिल नहीं हुए थे, जिसके बाद उन्हें कानून की उचित प्रक्रिया का पालन करते हुए सुबह उनके घर से गिरफ्तार किया गया। पंजाब पुलिस के मुताबिक, मोहाली में रहने वाले आप नेता सन्नी अहलूवालिया की शिकायत पर भड़काऊ बयान देने, शत्रुता को बढ़ावा देने और आपराधिक धमकी देने के आरोप में बग्गा के खिलाफ पिछले महीने मामला दर्ज किया था।

कुरुक्षेत्र में हरियाणा पुलिस ने रोका : हालांकि, बग्गा को दिल्ली से मोहाली ले जा रहे पंजाब पुलिस के वाहनों को हरियाणा के कुरुक्षेत्र में रोक दिया गया और पंजाब पुलिस के वाहनों को कुरुक्षेत्र के पीपली पुलिस थाने ले जाया गया। पंजाब पुलिस की टीम को रोके जाने के सवाल पर हरियाणा पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ऐसी जानकारी मिली है कि बग्गा को उनके आवास से जबरन उठाया गया। हमें इन चीजों को सत्यापित और इसकी पुन: जांच करनी होगी। कुरुक्षेत्र के एक पुलिस अधिकारी ने फोन पर बताया कि  इसके बाद दिल्ली पुलिस की एक टीम कुरुक्षेत्र पहुंची और बग्गा को अपने साथ लेकर राष्ट्रीय राजधानी के लिए रवाना हो गई।

एसएनबी
नई दिल्ली/चंडीगढ़


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment