सहारा इंडिया कार्यकर्ताओं व जमाकर्ताओं का सेबी के खिलाफ जंतर-मंतर पर प्रदर्शन
सेबी के पास जमा सहारा इंडिया परिवार के 24000 करोड़ रुपए की वापसी की मांग को लेकर सहारा इंडिया परिवार के कार्यकर्ताओं व सम्मानित जमाकर्ताओं द्वारा चलाए जा रहे देशव्यापी आंदोलन की श्रृंखला में बुधवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर कार्यकर्ताओं व जमाकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया तथा सेबी के खिलाफ धरना दिया।
![]() सेबी के पास जमा राशि वापस करने की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करते सहारा इंडिया परिवार के कार्यकर्ता व जमाकर्ता। |
धरने के बाद सेबी को एक ज्ञापन देकर सहारा के 24000 करोड़ रुपए तत्काल वापस करने की मांग की।
बुधवार को बड़ी संख्या में सहारा इंडिया के कार्यकर्ता व जमाकर्ता जंतर-मंतर पर एकत्र हुए और सेबी के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों में सेबी के खिलाफ जबर्दस्त आक्रोश था, सभी प्रदर्शनकारी अपने हाथों में सेबी के खिलाफ नारे लिखे बैनर व पोस्टर आदि लिए थे और सेबी हमारे घरों के चूल्हे मत बुझाओ, जमाकर्ता ध्वस्त हैं, सेबी वाले मस्त हैं, सेबी मनमाना रवैया बंद करो, अब तो शर्म करो, हमारा पैसा वापस दो, वापस दो वापस दो, एक ही मांग एक ही नारा सेबी से धन मिले हमारा, आदि नारे लगा रहे थे।
प्रदर्शन में सहारा इंडिया परिवार के दिल्ली मंडल के अधीनस्थ रीजन कार्यालय आगरा, मेरठ, गुरुग्राम, फरीदाबाद और दिल्ली के सभी क्षेत्रों से कार्यकर्ता व जमाकर्ता शामिल हुए।
वक्ताओं ने कहा कि समस्या केवल सहारा के कार्यकर्ताओं की ही नहीं बल्कि देश की आम जनता की भी है क्योंकि देश के करोड़ों लोग भी सेबी के कारण प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय ने जो भी आदेश दिए उन सभी का पालन सहारा इंडिया परिवार ने किया लेकिन सेबी ने इस दिशा में कोई रुचि नहीं दिखाई।
वक्ताओं ने कहा कि सहारा का पैसा वापस लौटाने के बजाय सेबी लगातार मामले को उलझा रहा है जिससे सहारा कार्यकर्ताओं व जमाकर्ताओं के सामने विकट स्थिति उत्पन्न हो गई है।
उन्होंने कि अपना अधिकार पाने के लिए सहारा कार्यकर्ता अब किसी भी तरह की लंबी लड़ाई के लिए तैयार हैं।
यदि सेबी ने सहारा का धन वापस नहीं लौटाया तो सहारा के 14 लाख कार्यकर्ता व उनके परिवार एवं करोड़ों जमाकर्ता एक साथ सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि पिछले 11 साल से कार्यकर्ता इस परेशानी का सामना कर रहे हैं, सेबी को हमारी परेशानी समझनी चाहिए।
धरना स्थल पर कार्यक्रम का संचालन सहारा इंडिया परिवार के दिल्ली जोन के जोनल एडवाइजर आफाक सालानी और जोनल एडवाइजर जे. मंजर ने किया। प्रदर्शन के बाद वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने सेबी मुख्यालय पहुंच कर एक ज्ञापन सौंपा जिसमें सहारा के 24000 करोड़ रुपए लौटाने की मांग की गई है, ताकि सम्मानित जमाकर्ताओं की धनराशि लौटाई जा सके।
| Tweet![]() |