दिल्ली: MCD उपचुनाव में 4 सीट पर AAP, कांग्रेस एक पर जीती, CM केजरीवाल ने मतदाताओं को दी बधाई

Last Updated 03 Mar 2021 03:28:03 PM IST

आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के पांच वार्ड के हुए उप चुनावों में चार पर जीत हासिल करके भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का सूपड़ा साफ कर दिया है।


एक वार्ड में कांग्रेस के उम्मीदवार ने जीत हासिल की। भाजपा का इन उप चुनावों में खाता भी नहीं खुल सका।

एमसीडी के पांच वार्ड में 28 फरवरी को मतदान  कराया गया था। इन उप चुनावों के नतीजे आज घोषित किये गये। आप ने  कल्याणपुरी, रोहिणी-सी, त्रिलोकपुरी और शालीमार बाग (उत्तर) वार्ड में जीत  दर्ज की।

एमसीडी उपचुनावों में आम आदमी पार्टी (आप) की जबर्दस्त सफलता हासिल करने पर खुशी व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री एवं आप के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने मतदाताओं को बधाई दी और कहा कि दिल्ली की जनता ने एक बार फिर ‘काम के नाम’ पर मतदान किया है। 

हालांकि आप को अल्पसंख्यक बहुल चौहान बांगर वार्ड में झटका लगा जहां से कांग्रेस उम्मीदवार चौधरी जुबैर अहमद ने आप के उम्मीदवार मोहम्मद इशराक खान को 10,642 मतों से हराया।    

नगर निकाय के लिए चुनाव 2022 में निर्धारित है, ऐसे में इन उप चुनावों को उसका सेमी फाइनल माना जा रहा था।   पहले, इन पांच वार्ड में से एक भाजपा के पास था। हालांकि इस बार भाजपा खाता तक नहीं खोल पाई।    

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा, ‘‘हम जनादेश का सम्मान करते हैं। शालीमार बाग नॉर्थ हारना आत्मावलोकन का विषय है। खामियों को दूर किया जाएगा और मुझे भरोसा है कि 2022 में तीनों नगर निगमों के लिए होने वाले चुनाव भाजपा जीतेगी।’’    

कल्याणपुरी, रोहिणी-सी, त्रिलोकपुरी और शालीमार बाग नॉर्थ से आप उम्मीदवार जीते हैं।      

नगर निगम के पांच वार्ड के लिए 28 फरवरी को उपचुनाव हुए थे। इनमें 50 फीसदी से अधिक मतदान हुआ था।      

राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक उपचुनाव में आप को सर्वाधिक 46.10 मत हासिल हुए, भाजपा को 27.29 फीसदी और कांग्रेस को 21.84 फीसदी मत प्राप्त हुए।      

उपचुनाव में पार्टी की जीत के बाद केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘‘दिल्ली के लोगों ने एक बार फिर से काम के नाम पर वोट दिया। सबको बधाई। एमसीडी में 15 साल के भाजपा के कुशासन से जनता परेशान हो चुकी है। लोग अब एमसीडी में भी आम आदमी पार्टी का शासन लाने के लिए बेताब हैं।’’    

 

कल्याणपुरी वार्ड से आप उम्मीदवार धीरेंद्र कुमार ने 7,043 मतों से जीत दर्ज की।  त्रिलोकपुरी से आप उम्मीदवार विजय कुमार ने भाजपा के ओम प्रकाश को 4,986 मतों से हराया।   शालीमार बाग नॉर्थ वार्ड से आप की सुनीता मिश्रा ने अपनी प्रतिद्वंद्वी भाजपा की सुरभि जाजू को 2,705 मतों से हराया, यह सीट पहले भाजपा के पास थी। 

रोहिणी सी से आप के राम चंदर ने भाजपा के अपने प्रतिद्वंद्वी राकेश गोयल को 2,985 मतों से हराया। चौहान बांगर वार्ड से कांग्रेस उम्मीदवार चौधरी जुबैर अहमद ने आप के उम्मीदवार मोहम्मद इशराक खान को 10,642 मतों से हराया।      

दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ट्वीट करके जीत के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी और कहा कि लोग भाजपा से परेशान हो चुके हैं और अगले साल दिल्ली एमसीडी के चुनाव में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की सच्चाई की राजनीति और काम को मौका देंगे।      

 

दिल्ली कांग्रेस के प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल ने कहा कि पार्टी उम्मीदवार चौधरी जुबैर अहमद ने रिकॉर्ड अंतर से जीत हासिल की है जो जनता के प्यार और कांग्रेस उम्मीदवारों की कड़ी मेहनत की बानगी है।      

जुबैर अहमद उपचुनाव में मतों के सर्वाधिक अंतर से जीते हैं।      

गोहिल ने ट्वीट किया, ‘‘दिल्ली के नगर निगम उपचुनाव में चौहान बांगर वार्ड से कांग्रेस प्रत्याशी ने रिकॉर्ड ब्रेक कर 10,000 से ज्यादा वोटों के भारी अंतर के साथ जीत दर्ज की है। यह जीत दिल्ली की जनता के प्यार, कांग्रेस कार्यकर्ता/नेताओं की मेहनत और हमारे युवा प्रत्याशी पर जनता के विास की है।’’

भाषा/वार्ता
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment