गृहमंत्री अमित शाह के साथ हुई बैठक में बोले महापौर.. निगम के स्कूल, स्टेडियम जो चाहे ले सकती है दिल्ली सरकार

Last Updated 15 Jun 2020 03:56:50 AM IST

राजधानी दिल्ली में बढ़ते कोरोना मामले को लेकर दिल्ली के तीनों नगर निगमों के महापौरों ने रविवार को केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ बैठक हुई।


गृहमंत्री अमित शाह (file photo)

बैठक के दौरान तीनों निगमों के महापौर कोविड-19 से लड़ने के लिए अपने-अपने संसाधन (स्कूल-स्टेडियम आदि) दिल्ली सरकार को देने को तैयार हैं। उन्होंने गृहमंत्री अमित शाह से कहा कि उन्हें दिल्ली सरकार के अनुरोध का इंतजार है। इसके बाद अमित शाह ने सभी महापौर से कहा कि सभी को मिलकर कोरोना से जंग जीतनी है इसलिए सबको मिलकर काम करना होगा। इस बात की जानकारी निगम के नेताओं ने दी।
उत्तरी निगम के महापौर अवतार सिंह ने बताया कि बैठक में उन्होंने उत्तरी निगम की तरफ से खुलकर अपना पक्ष रखते हुए कहा कि निगम की ओर से स्कूल, स्टेडियम, अस्पताल, सामुदायिक केन्द्र जो भी दिल्ली सरकार को चाहिए, वे प्रयोग में ले सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली सरकार को हमारे कर्मिंयों की तरफ भी विशेष ध्यान देने की जरूरत है। दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के उपमहापौर राजदत्त गहलोत ने बताया कि दिल्ली सरकार कहती रही है कि उनके पास विश्व स्तरीय स्कूल हैं तो इस समय उनका उपयोग भी किया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि हम अपने सभी संसाधन दिल्ली सरकार को दे रहे हैं, बस दिल्ली सरकार के अनुरोध का इंतजार है। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री केजरीवाल दक्षिणी निगम को उनकी राशि भी चुकाएं, जिसके लिए कर्मचारी वेतन आदि को लेकर परेशान न हों। पूर्वी निगम की महापौर अंजू कमलकांत ने बताया कि मैंने कहा है कि दिल्ली सरकार पर उनका 430 करोड़ रुपए बकाया है वह जल्द से जल्द दें। इसके साथ स्वामी दयानंद अस्पताल में बेड को बढ़ाने की जरूरत है कोरोना वायरस लड़ने के लिए पूरी निगम दिल्ली सरकार के साथ है।

सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment