मनोज तिवारी ने की केजरीवाल से इस्तीफे की मांग, कहा- कोरोना से लड़ने में विफल हुई दिल्ली सरकार

Last Updated 13 Jun 2020 12:41:17 PM IST

राजधानी दिल्ली में कोरोना के लगातार बढ़ते मामलों को लेकर सांसद मनोज तिवारी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से इस्तीफे की मांग की है।


राजधानी दिल्ली में कोरोना के लगातार बढ़ते मामलों को लेकर भाजपा, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ आक्रामक है। इसी कड़ी में शनिवार को दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और सांसद मनोज तिवारी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से इस्तीफे की मांग की है।

मनोज तिवारी ने आरोप लगाया है कि नेशनल डिजास्टर मेनेजमेंट एक्ट के प्रावधान के अनुसार दिल्ली के मुख्यमंत्री के पास समुचित निर्णय लेने का अधिकार है, इसके बावजूद मुख्यमंत्री दिल्ली में स्वास्थ्य सबंधी ढांचा खड़े करने के साथ-साथ सभी मोर्चे पर नाकामयाब साबित हुये हैं।

ध्यान रहे इससे पहले शुक्रवार को देश के सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली में स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर गंभीर टिप्पणी की थी। इसके बाद भाजपा ने केजरीवाल सरकार पर निशाना साधते हुये कहा था कि कोविड-19 से निपटने में दिल्ली सरकार की सच्चाई बाहर आ गई है। दिल्ली में स्वास्थ्य व्यवस्था बुरी तरह चरमरा गई है और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल 'विफल' हो गए हैं।

इस बीच देश में कोरोना महामारी ने बेहद गंभीर रुख अख्तियार कर लिया है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा शनिवार को जारी किये गये आकड़ों के मुताबिक अकेले दिल्ली में कोरोना से संक्रमितों की संख्या 36,824 हो गई है। इसमें 22,212 लोग अभी भी कोरोना पीड़ित हैं। 13,398 लोग स्वस्थ हो चुके है। वहीं दिल्ली में मरने वालों की संख्या 1,214 हो गई है।

उधर देश भर में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों का आंकड़ा तीन लाख के पार हो गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश भर में संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 3,08,993 हो गया है।
 

आईएएनएस
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment