उत्तरपूर्वी दिल्ली में झड़प : केजरीवाल ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की

Last Updated 24 Feb 2020 07:16:21 PM IST

उत्तरपूर्वी दिल्ली में हिंसा भड़कने के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को कहा कि उन्होंने उपराज्यपाल अनिल बैजल से बातचीत की है और उन्होंने मुझे आश्वस्त किया है कि प्रभावित इलाके में और पुलिसकर्मी भेजे जा रहे हैं।


मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल

उत्तर पूर्वी दिल्ली के जाफराबाद और मौजपुर इलाकों में संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के समर्थन और विरोध में समूहों के बीच झड़प के दौरान सोमवार को दिल्ली पुलिस का एक हेड कांस्टेबल मारा गया।          

प्रदर्शनकारियों ने कुछ घरों, दुकानों, वाहनों में आग लगा दी। इस दौरान पथराव की घटनाएं भी हुई।         

मुख्यमंत्री केजरीवाल ने ट्विटर पर कहा कि किसी भी पक्ष की हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।           

केजरीवाल ने कहा, ‘‘मैंने उपराज्यपाल से बात की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि और पुलिस फोर्स भेजी जा रही है। किसी भी पक्ष की हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मेरी सभी लोगों से विनती है कि कृपया शांति बनाए रखें। हिंसा से कोई समाधान नहीं निकलेगा।’’      

उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा कि पुलिस हेड कांस्टेबल की मौत बेहद दुखदायी है। वो भी हम सब में से एक थे। कृपया हिंसा त्याग दीजिए। इस से किसी का फ़ायदा नहीं। शांति से ही सभी समस्याओं का हल निकलेगा।      

उत्तर पूर्वी दिल्ली के चांदबाग और भजनपुरा इलाके में भी हिंसा की घटनाएं हुई हैं।     

इससे पहले दिन में, केजरीवाल ने उपराज्यपाल अनिल बैजल और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से हिंसा के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बहाल करने का अनुरोध किया है।    

उन्होंने ट्वीट किया,‘‘ मैं माननीय उपराज्यपाल और केंद्रीय गृह मंत्री से शांति और सौहाद्र सुनिश्चित करते हुए कानून-व्यवस्था बहाल किए जाने का अनुरोध करता हूं। किसी को भी माहौल खराब करने की अनुमति नहीं मिलनी चाहिए।’’      

बैजल ने ट्वीट किया, ‘‘दिल्ली पुलिस और दिल्ली पुलिस आयुक्त को उत्तर पूर्वी दिल्ली में कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। हालात पर करीबी नजर रखी जा रही है। मैं हर किसी से शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए संयम बरतने का अनुरोध करता हूं। ’’    

पुलिस ने हिंसक प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया।     

 

एसीपी गोकलपुरी के कार्यालय से जुड़े हेड कांस्टेबल रतन लाल झड़प में मारे गए। प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान डीसीपी (शाहदरा) अमित शर्मा सहित कई पुलिस कर्मी घायल हो गए।

भाषा
नयी दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment