केजरीवाल 16 फरवरी को रामलीला मैदान में लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ
दिल्ली विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत हासिल करने के बाद आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल 16 फरवरी (रविवार) को तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
![]() आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल |
शपथ ग्रहण समारोह दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में सुबह 10 बजे होगा। केजरीवाल के साथ उनकी कैबिनेट के मंत्री भी शपथ ग्रहण करेंगे।
आप नेता और दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बुधवार को संवाददाताओं को बताया कि सुबह हुई पार्टी के विधायकों की बैठक में केजरीवाल को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया। उन्होंने कहा कि नवनिर्वाचित सभी 62 विधायकों ने एक स्वर में नेता पद के लिए केजरीवाल का समर्थन किया।
सिसोदिया ने दिल्ली की जनता से शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लेने के लिए रामलीला मैदान पहुंचने का आग्रह किया।
आप लगातार तीसरी बार चुनाव जीतकर सरकार बना रही है और केजरीवाल भी लगातार तीसरी बार दिल्ली के मुख्यमंत्री बनेंगे। इससे पहले शीला दीक्षित भी लगातार तीन बार दिल्ली की मुख्यमंत्री रह चुकी हैं।
केजरीवाल 2013 में पहली बार मुख्यमंत्री बने थे लेकिन उनकी सरकार केवल 49 दिन ही चल पाई थी। साल 2015 में हुए विधानसभा चुनाव में आप ने सभी दलों का सफाया करते हुए 70 में से रिकॉर्ड 67 सीटें जीती थीं और केजरीवाल ने दूसरी बार मुख्यमंत्री पद संभाला था। उनके नेतृत्व में पार्टी ने इस बार भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 62 सीटें जीतीं और अब वो तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
कांग्रेस की दिग्गज नेता दिवंगत शीला दीक्षित 1998 से 2013 तक लगातार 15 साल तक दिल्ली की मुख्यमंत्री रही थीं।
गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में बंपर जीत हासिल की है। आम आदमी पार्टी को 70 में से 62 विधानसभा सीटों पर जीत हासिल हुई है। पिछली विधानसभा में आम आदमी पार्टी 70 में से 67 सीटें जीतने में कामयाब रही थी। वहीं भारतीय जनता पार्टी ने इस बार 8 विधानसभा सीटें जीती है। पिछली विधानसभा में भाजपा के चार विधायक थे। कांग्रेस पार्टी पिछली बार की तरह इस बार भी अपना खाता खोलने में नाकाम रही। कांग्रेस का कोई उम्मीदवार चुनाव नहीं जीत सका। इसके साथ ही कांग्रेस को मिलने वाले वोटों के प्रतिशत में भी भारी कमी दर्ज की गई है।
| Tweet![]() |