मोदी व केजरीवाल दोनों प्रचार के भूखे : प्रियंका गांधी
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने बुधवार को हौजकाजी में कांग्रेस उम्मीदवार हारुन यूसुफ व अलका लांबा के समर्थन में आयोजित रैली में कहा कि नरेन्द्र मोदी व अरविंद केजरीवाल दोनों प्रचार के भूखे हैं।
![]() हौज काजी चौक पर एक सभा के दौरान पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा एवं हारुन यूसुफ आदि का फूलों की माला से स्वागत किया गया। फोटो : प्रेट्र |
दोनों लीपापोती कर आपको अलग चित्र दिखाना चाहते हैं। केजरीवाल ने प्रचार कार्य में 611 करोड़ खर्च किए हैं। इनका मॉडल अलग है, शीला जी का मॉडल अलग था।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल कहते हैं कि मेरा मूल्यांकन मेरे काम से करो। मैंने उनका रिपोर्ट कार्ड तैयार किया है। कांग्रेस के शासन काल में राजधानी में दस कॉलेज बने, आम आदमी पार्टी के शासन काल में एक भी नहीं। कांग्रेस के शासनकाल में 36 नए स्कूल बने, 21 नए अस्पताल बने, आप के शासनकाल में एक भी नहीं। कांग्रेस शासनकाल में चार नए विश्वविद्यालय बने, आप सरकार ने एक भी नया विश्वविद्यालय नहीं बनाया।
कांग्रेस ने 602 नई डिस्पेंसरी बनाई, आप ने 190 मोहल्ला क्लीनिक बनाया। कांग्रेस ने पांच हजार किलोमीटर नई सड़क बनाई जबकि आप सरकार एक किलोमीटर नई सड़क नहीं बना पाई। कांग्रेस ने 6500 नई बसें खरीदी व मेट्रो के तीन फेज बनाए गए। शीला जी ने ही असली इमारत खड़ी की थी। आप समझ सकते हैं कि शीला दीक्षित के शासन काल में कितना विकास हुआ। इसलिए आपको विकास करने वाली पार्टी को चुनना होगा।
प्रियंका गांधी ने कहा कि दिल्ली देश का दिल है, यहां देश के कोने कोने से लोग रोजगार ढूंढने आते हैं।
आज ऐसी सरकार है जो इस बगीचे को उजाड़ना चाहते हैं। ये संविधान को नष्ट करना चाहते हैं। हिंसक बातें करते हैं। चुनाव आने पर यह बढ़ जाता है। सत्य अहिंसा के सामने यह हिंसा का प्रयोग है। प्रधानमंत्री कई बातें बोलते हैं, बहुत मसले उठाते हैं लेकिन इस बात पर कुछ नहीं बताते कि बेरोजगारी दर इतनी कैसे बढ़ गई है। ये नहीं बताएंगे कि एलआईसी, बीएसएनएल, बीपीसीएल क्यूं बेच रहे हैं। कैसे नोटबंदी से दुकानदारों को मारा है। गरीब किसानों का बकाया क्यूं नहीं दिया जा रहा। इस तरह के नेता देश की पीड़ा नहीं समझ सकते, देश का विकास नहीं कर सकते। इसलिए आपको निर्णय करना होगा कि किस आधार पर आप अपना प्रतिनिधि चुनें।
| Tweet![]() |