राम मंदिर न्यास गठन पर केजरीवाल ने दी मोदी को बधाई

Last Updated 06 Feb 2020 02:35:54 AM IST

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की बुधवार को न्यास बनाने घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि अच्छे निर्णयों का कोई समय नहीं होता है।


आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल

मोदी ने लोकसभा में बुधवार को अयोध्या में बनने वाले राममंदिर निर्माण के लिए न्यास का एलान किया। इसको लेकर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए केजरीवाल ने मोदी को बधाई दी और कहा कि अच्छे निर्णयों के लिए कोई समय नहीं होता है। उन्होंने कहा कि अच्छे फैसलों का एलान कभी भी किया जा सकता है।

राममंदिर निर्माण न्यास के गठन की बधाई देने बाद केजरीवाल ने भाजपा को घेरते हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित नहीं किए जाने पर निशाना साधा। केजरीवाल ने मंगलवार को पार्टी का संकल्प पत्र जारी करते हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री का चेहरा नहीं होने पर केंद्रीय गृह मंत्री को बहस की चुनौती दी थी। शाह ने इस चुनौती पर कहा था कि मुख्यमंत्री से इस मुद्दे पर भाजपा का कोई भी कार्यकर्ता बहस करने को तैयार है। इस पर केजरीवाल ने कहा कि शाह स्वयं आकर बहस करें।

भाजपा के पश्चिमी दिल्ली से सांसद प्रवेश साहिब सिंह वर्मा के आतंकवादी वाले बयान पर केजरीवाल ने कहा कि राजधानी के लोग यह जानना चाहते हैं कि दिल्ली का यह बेटा आतंकवादी कैसे है। उन्होंने कहा कि सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने भी कहा कि केजरीवाल के आतंकवादी होने के प्रमाण है तो मेरी मांग है कि वह सबूत सामने रखे जाएं।
उन्होंने भाजपा शासित दिल्ली के नगर निगमों को लेकर भी पार्टी को घेरा और सवाल किया कि 15 साल से काबिज होने के बावजूद राजधानी के विकास में क्या योगदान है। उन्होंने कहा कि पार्टी की सरकार ने पांच सालों के शासन में अस्पताल और स्कूलों को ठीक किया लेकिन भाजपा की एमसीडी ने निगम के स्कूलों और अस्पतालों की दशा सुधारने के लिए क्या किया।

शाहीन बाग में गोली चलाने के लिए पकड़े गए कपिल गुर्जर के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वह किसी भी दल का क्यों नहीं हो, उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कपिल का यदि आम आदमी पार्टी के साथ दूर-दूर का भी कोई जुड़ाव है तो उसे 10 वर्ष की जगह 20 साल की सजा मिलनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका केंद्रीय गृह मंत्री से आग्रह है कि देश की सुरक्षा के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए। कपिल को जेल भेजो और उसे कड़ी से कड़ी सजा मिले।

सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment